अवैध कारोबार का राजफाश, कैप्सूल से सिलेंडरों में गैस की अवैध रीफलिंग, अफसर पहुंचे तो छोड़कर भाग निकले बदमाश, रडार में गैस एजेंसी
Illegal business exposed, illegal refilling of gas from capsules into cylinders, criminals fled when officers arrived, gas agency under radar
महासमुंद : मंगलवार- बुधवार की दरम्यानी रात प्रशासन ने चिवराकुटा में अवैध तरीके से चल रहे गैस सिलेंडर रिफिलिंग कारोबार का राजफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है. सरायपाली एसडीएम अनुपमा आनंद के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में छह कैप्सूल ट्रकों सहित सैकड़ों गैस सिलेंडर टंकियां और रिफिलिंग से जुड़े उपकरण जब्त किए गए हैं. यह पूरा कार्य बिना किसी वैध अनुमति और सुरक्षा मानकों के किया जा रहा था. जिससे किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी.
मिली जानकारी के मुताबिक एसडीएम अनुपमा आनंद अपनी टीम के साथ बीती रात अवैध धान परिवहन की जांच और कार्रवाई के लिए निरीक्षण पर निकली. इसी दौरान ग्राम चिवराकुटा के पास एक इंडेन गैस का कैप्सूल ट्रक जंगल मार्ग पर संदिग्ध हालत में जाते हुए दिखाई दिया. शक होने पर प्रशासनिक टीम ने ट्रक का पीछा किया. तो राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे एक गोदाम में छह कैप्सूल ट्रकों से गैस सिलेंडरों में रिफिलिंग की जा रही थी.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह अवैध गतिविधि पूरी तरह से नियमों की अनदेखी करते हुए की जा रही थी. किसी भी तरह की सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण आसपास के ग्रामीण इलाकों, पशुधन और वन क्षेत्र के लिए गंभीर खतरा बना हुआ था.
दबी जुबान से यह भी चर्चा है कि इस पूरे मामले में आसपास के किसी गैस एजेंसी की भूमिका संदिग्ध हो सकती है. प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि जिस स्थान पर अवैध रिफिलिंग की जा रही थी वह जमीन किसके नाम पर दर्ज है और इस अवैध कारोबार का संचालन कौन कर रहा था.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह जमीन वन अधिकार पट्टा के अंतर्गत दी गई थी. लेकिन नियमों का उल्लंघन कर वहां अनाधिकृत रुप से गैस रिफिलिंग का काम किया जा रहा था. हालांकि प्रशासन ने अभी इस बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



