हेरोइन तस्करी के अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, पंजाब से जुड़े दो तस्कर गिरफ्तार, प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा बरामद
Inter-state gang of heroin smuggling busted, two smugglers belonging to Punjab arrested, banned drug Chitta recovered
रायपुर : रायपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी मिली है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में रायपुर पुलिस ने मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) की तस्करी में शामिल एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में रायपुर से लेकर पंजाब तक फैले नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. जिनमें दो आरोपी रायपुर के हैं. जबकि दो अन्य आरोपी पंजाब के मोगा जिले से पकड़े गए हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक 13 अप्रैल 2025 को थाना आमानाका को खबर मिली कि केडिया बिजनेस पार्क के पास दो संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल नम्बर CG04 PJ 6814 में घूम रहे हैं और उनके पास मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) मौजूद है. जिसे वे बेचने की फिराक में हैं. खबर के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दोनों व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ा.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहेल खान उम्र 26 साल निवासी संजय नगर, टिकरापारा, रायपुर और तन्मय गोईन्दी उम्र 27साल निवासी महावीर नगर, गुलमोहर वाटिका के पास, थाना न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर के रुप में हुई. तलाशी लेने पर इनके पास से कुल 14.29 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई. जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,42,900/- रुपये आंकी गई है. साथ ही आरोपी तन्मय गोईन्दी के पास से एक होंडा साइन मोटरसाइकिल भी जप्त की गई. जिसकी कीमत ₹35,000/- बताई जा रही है. इस तरह कुल जप्ती की कीमत ₹1,77,900/- रुपये है.
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 109/25 धारा 21(B) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया. पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि यह मादक पदार्थ उन्हें पंजाब से भेजा गया था. इस खुलासे के बाद पुलिस ने फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर आगे की जांच तेज की.
पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई कि उक्त हेरोइन पंजाब के मोगा जिले से सिमरन जीतसिंग बत्रा उर्फ सीम्मा एवं जसकरण सिंह द्वारा भेजी गई थी. इन दोनों पर संगठित अपराध में संलिप्तता पाए जाने की वजह से मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 को जोड़ा गया. इसके बाद विशेष टीम गठित कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरु की गई.
पुलिस टीम ने जिला मोगा, पंजाब में दबिश देकर सिमरन जीतसिंग बत्रा उम्र 24 साल निवासी गली नंबर 6, कोटिशखां थाना क्षेत्र और जसकरण सिंह उम्र 20 साल निवासी ग्राम शेरेवाल, थाना धर्मकोटा को गिरफ्तार किया और आज 25 मई 2025 को रायपुर लाकर अदालत में पेश किया गया.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि रायपुर पुलिस नशे के खिलाफ पूरी तत्परता से कार्य कर रही है. इस तरह के मादक पदार्थों के सेवन से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो सकता है. इसलिए पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे नशे के कारोबार या इसके उपयोग से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी फौरन पुलिस को दें. ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके.
गिरफ्तार आरोपी
सिमरन जीतसिंग बत्रा उर्फ सीम्मा पिता मानसिंग बत्रा उम्र 24 साल निवासी गली नं. 6, कोटिशखां, थाना कोटिशखां, जिला मोगा, पंजाब
जसकरण सिंह पिता हरजिन्दर सिंह उम्र 20 साल निवासी ग्राम शेरेवाल, थाना धर्मकोटा, जिला मोगा, पंजाब
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी
सोहेल खान पिता इसराईल खान, उम्र 26 साल निवासी संजय नगर, थाना टिकरापारा, रायपुर
तन्मय गोईन्दी पिता प्रमोद गोईन्दी, उम्र 27 साल निवासी महावीर नगर, थाना न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



