कांग्रेस नेता के घर आधी रात नकाबपोशों का धावा, ताबड़तोड़ फायरिंग में बड़े बेटे की मौत, छोटा गंभीर, परिवार को कमरे में किया बंद, लूट या प्लान्ड मर्डर?

Masked men raid Congress leader's house at midnight, elder son killed in firing, younger one seriously injured, family locked in room, robbery or planned murder?

कांग्रेस नेता के घर आधी रात नकाबपोशों का धावा, ताबड़तोड़ फायरिंग में बड़े बेटे की मौत, छोटा गंभीर, परिवार को कमरे में किया बंद, लूट या प्लान्ड मर्डर?

जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत करही गांव में गुरुवार देर रात हुई सनसनीखेज गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया. अज्ञात नकाबपोश बदमाशों द्वारा कांग्रेस नेता और सीमेंट-रेत व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसकर की गई ताबड़तोड़ फायरिंग में उनके बड़े बेटे आयुष कश्यप उम्र 19 साल की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि छोटा बेटा आशुतोष कश्यप गंभीर रुप से घायल हो गया. इस वारदात के बाद गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में डर का माहौल बना हुआ है.
मिली जानकारी के मुताबिक ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष सम्मेलाल कश्यप अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थे. तभी रात करीब 12 बजे तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाश उनके घर में घुस आए. घर में घुसते ही आरोपियों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया और कमरों को बाहर से बंद कर दिया. ताकि कोई मदद के लिए बाहर न जा सके. इसके बाद बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरु कर दी.
इस हमले में सम्मेलाल कश्यप के बड़े बेटे आयुष कश्यप को दो गोलियां लगीं. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं छोटे बेटे आशुतोष कश्यप के दाहिने हाथ में गोली लगने से वह गंभीर रुप से घायल हो गया. परिजनों ने फौरन उसे बिर्रा अस्पताल पहुंचाया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत देखते हुए जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया. फिलहाल उसका इलाज जारी है.
घटना की खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई. पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए सभी संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
वारदात की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक ब्यास कश्यप भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना. उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए.
इस वारदात के बाद करही गांव में भय और असुरक्षा का माहौल गहरा गया है. ग्रामीणों में दहशत इतनी है कि लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से भी कतरा रहे हैं. वहीं पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया गया है.
मृतक के पिता सम्मेलाल कश्यप ने इसे व्यवसायिक रंजिश का मामला बताया है. उनका कहना है कि बदमाश लूटपाट के इरादे से नहीं. बल्कि हत्या की योजना बनाकर घर में घुसे थे. आयुष हाल ही में रेत के कारोबार से जुड़ा था और घटना से पहले वह रेत से संबंधित काम से बाहर गया हुआ था.
मृतक आयुष कश्यप के पिता सम्मेलाल कश्यप लोहा व्यापारी होने के साथ-साथ ब्लॉक कांग्रेस के उपाध्यक्ष हैं और पूर्व में उपसरपंच रह चुके हैं. वहीं, उनकी पत्नी भी पूर्व सरपंच रह चुकी हैं. इस कारण मामले को राजनीतिक और व्यवसायिक रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है.
यह वारदात न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है. बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते अपराधों को लेकर भी चिंता बढ़ा रही है. अब सबकी नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी है कि कब तक आरोपी गिरफ्त में आते हैं और पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल पाता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t