पैरी घुमर डैम में हादसे की आशंका, बांध में शक्तिमान बनने की कोशिश पर कानून का लगा ब्रेक, चेतावनी पोस्टर लगाए, पर्यटकों को दी गई समझाइश

There is a risk of an accident at the Pari Ghumar Dam. Laws prohibit attempts to become Shaktimaan at the dam. Warning posters have been put up, and tourists have been advised.

पैरी घुमर डैम में हादसे की आशंका, बांध में शक्तिमान बनने की कोशिश पर कानून का लगा ब्रेक, चेतावनी पोस्टर लगाए, पर्यटकों को दी गई समझाइश

गरियाबंद : गर्मी के मौसम में बढ़ती पर्यटकों की भीड़ के बीच पैरी घुमर डैम में संभावित हादसों को देखते हुए गरियाबंद पुलिस ने सराहनीय पहल करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। डैम क्षेत्र में ऊंचाई से पानी में कूदने और गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए चेतावनी पोस्टर लगवाए गए हैं. साथ ही मौके पर पहुंचे पर्यटकों को समझाइश भी दी जा रही है.
डैम का जलस्तर कई स्थानों पर ज्यादा गहरा है और ऊंचाई से छलांग लगाने पर गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीम लगातार निगरानी कर लोगों को सुरक्षित रहने की अपील कर रही है.
इस पूरे मामले में सिंचाई विभाग की लापरवाही भी सामने आई है. लंबे समय से डैम क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग की व्यवस्था नहीं की गई थी. जिससे पर्यटक बिना किसी रोक-टोक के खतरनाक स्थानों तक पहुंच रहे थे. जिसका पिछले दिनों वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ था. बताना लाजिमी होगा कि अगर समय रहते पुलिस पहल नहीं करती, तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता था.
वहीं स्थानीय लोगों का भी कहना है कि पर्यटन स्थल के रूप में प्रसिद्ध इस डैम में हर साल बड़ी तादाद में लोग पहुंचते हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में हमेशा जोखिम बना रहता है. ऐसे में संबंधित सिंचाई विभाग को भी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्थायी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की जरुरत है.
गरियाबंद सिटी कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश यादव ने लोगों से अपील किया कि वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें. गहरे पानी में न जाएं और किसी भी हालत में ऊंचाई से डैम में छलांग न लगाएं।
साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है. इस पहल से जहां एक तरफ़ पुलिस का संवेदनशील और जिम्मेदार चेहरा सामने आया है. वहीं संबंधित विभाग की लापरवाही पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t