रायपुर के स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार, पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, फरार महिला संचालिका गिरफ्तार, पूछताछ जारी
Prostitution under the guise of a spa centre in Raipur, police got a big success, absconding female operator arrested, interrogation continues
रायपुर : रायपुर पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के मामले में फरार महिला संचालक को गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के दिशा-निर्देश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में की गई. पुलिस की यह कार्रवाई राजधानी में संचालित हो रहे स्पा सेंटरों की गतिविधियों पर निगरानी रखने और अनैतिक कार्यों पर रोक लगाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहां है.
26 मई 2025 को रायपुर पुलिस की टीम द्वारा शहर के कई स्पा और वेलनेस सेंटर्स की औचक जांच की गई. इसी कड़ी में थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र के अंतर्गत संचालित लक्जरी वेलनेस सेलून एण्ड स्पॉ सेंटर में छापेमारी की गई. जांच के दौरान पुलिस को वहां अनैतिक गतिविधियों के सबूत मिले. जिसमें महिला संचालक के द्वारा स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार कराए जाने की पुष्टि हुई.
पुलिस ने फौरन इस मामले में थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 103/2025 के तहत धारा 3, 4, 5, 7 अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 के तहत मामला दर्ज कर लिया. हालांकि छापेमारी के बाद से ही स्पा सेंटर की महिला संचालक फरार चल रही थी.
रायपुर पुलिस की टीम ने महिला संचालक की तलाश में कई ठिकानों पर लगातार दबिश दी. तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और स्थानीय स्रोतों की मदद से पुलिस ने महिला संचालक की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी. आखिरकार पुलिस को खबर मिली कि फरार महिला संचालक रायपुर में ही किसी गुप्त ठिकाने पर छिपी हुई है.
इस अहम् जानकारी के आधार पर पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को धर दबोचा. गिरफ्तारी के बाद महिला संचालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. जहां उससे इस नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों और गतिविधियों के बारे में पूछताछ की जा रही है. पुलिस को शक है कि यह मामला सिर्फ एक स्पा सेंटर तक सीमित नहीं है. बल्कि इसके पीछे एक संगठित गिरोह काम कर रहा हो सकता है. इस दिशा में भी जांच जारी है.
इस कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशासन ने साफ़ किया है कि रायपुर शहर में संचालित सभी स्पा, मसाज पार्लर और वेलनेस सेंटरों की नियमित निगरानी की जाएगी और किसी भी तरह की अनैतिक गतिविधि पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी. पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अगर उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो वे फौरन पुलिस को खबर करें.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
ttps://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



