लोकार्पण कार्यक्रम में महिला डांसर के साथ झूमे भाजपा विधायक ईश्वर साहू, सोशल मीडिया में वीडियो जमकर वायरल होने के बाद मच रहा बवाल

BJP MLA Ishwar Sahu danced alongside a female performer at an inauguration event; a video of the incident has gone viral on social media, sparking a major controversy.

लोकार्पण कार्यक्रम में महिला डांसर के साथ झूमे भाजपा विधायक ईश्वर साहू, सोशल मीडिया में वीडियो जमकर वायरल होने के बाद मच रहा बवाल

बेमेतरा : छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों साजा विधायक ईश्वर साहू चर्चा में हैं. सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. इस वायरल क्लिप में विधायक मंच के पास डांसर महिलाओं के साथ नाचते नजर आ रहे हैं. यह दृश्य बेमेतरा जिले के मारो नगर पंचायत क्षेत्र का है. यह वीडियो भूमिपूजन समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का है.
मिली जानकारी के मुताबिक नगर पंचायत मारो के वार्ड नम्बर 3 में डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मंगल भवन निर्माण कार्य के भूमिपूजन समारोह का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित खाद्य मंत्री दयालदास बघेल और भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू भी मौजूद रहे. आधिकारिक कार्यक्रम के बाद सांस्कृतिक आयोजन हुआ. इसी दौरान साजा विधायक ईश्वर साहू मंच पर नृत्य कर रही डांसर के साथ डांस करते नजर आए. इसका वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है.
गौरतलब है कि विधायक ईश्वर साहू इससे पहले भी पोस्टर विवाद, स्वेच्छानुदान और कंप्यूटर घोटाले से जुड़े आरोपों और चर्चाओं को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं. अब मारो के सांस्कृतिक कार्यक्रम का वीडियो वायरल होने के बाद एक बार फिर वे चर्चा के केंद्र में हैं.
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर घेरा
वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश कांग्रेस ने अपने आधिकारिक फेसबुक और एक्स अकाउंट पर यह वीडियो साझा किया है. कांग्रेस ने इस पोस्ट के जरिए प्रदेश की भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े किए हैं. विपक्ष ने विधायक की भूमिका पर कटाक्ष करते हुए इसे जनता की अनदेखी बताया है. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ऐसे दृश्य जनप्रतिनिधियों की गंभीरता पर प्रश्नचिह्न लगाते हैं.
जनता की समस्याओं का उठाया मुद्दा
कांग्रेस ने इस घटनाक्रम को प्रदेश की मौजूदा समस्याओं से जोड़कर सरकार को घेरा है. विपक्षी दल का आरोप है कि राज्य में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है. गरीब परिवारों को सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाला चना और गुड़ भी नहीं मिल रहा है. इसके अलावा प्रदेश के युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं. बिजली की दरों में बढ़ोतरी से आम आदमी का बजट बिगड़ गया है.
पटवारी हड़ताल और तंज की सियासत
विपक्ष ने राज्य में जारी पटवारियों की हड़ताल का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया है. हड़ताल की वजह से आम नागरिकों के राजस्व संबंधी कामकाज पूरी तरह ठप हैं. लोग दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं. इसके साथ ही कांग्रेस ने अपनी पोस्ट में चिलम और तंबाकू के डिब्बे का भी जिक्र किया है. पार्टी ने तंज कसते हुए कहा कि जनता की पीड़ा के बीच विधायक को कोई चिंता नहीं है.
विधायक की प्रतिक्रिया का इंतजार
इस पूरे विवाद के बीच वायरल वीडियो में दिख रहे दृश्यों को लेकर अभी तक विधायक ईश्वर साहू की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है. वहीं, प्रदेश भाजपा संगठन ने भी कांग्रेस के इन आरोपों पर अब तक चुप्पी साध रखी है. फिलहाल यह वीडियो छत्तीसगढ़ के सियासी गलियारों में बहस का गर्म विषय बना हुआ है. अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि विधायक इस पर क्या सफाई देते हैं.
बड़ा सवाल यह है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की भूमिका और उनके आचरण को लेकर जनता की अपेक्षाएं क्या होनी चाहिए? फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चाएं जारी हैं.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb