नल-जल योजना बदहाल: अब तक सिर्फ 2 दिन मिला पानी, सफाई के अभाव में सप्लाई ठप, इधर कई महीने से बिना फिल्टर का पानी पीने को मजबूर ग्रामीण

'Tap-water' scheme in disarray: Water supplied for only 2 days so far; supply halted due to lack of cleaning—meanwhile, villagers are forced to drink unfiltered water for months on end.

नल-जल योजना बदहाल: अब तक सिर्फ 2 दिन मिला पानी, सफाई के अभाव में सप्लाई ठप, इधर कई  महीने से बिना फिल्टर का पानी पीने को मजबूर ग्रामीण

गरियाबंद/देवभोग : शासन की महत्वाकांक्षी नल-जल योजना देवभोग ब्लॉक की ग्राम पंचायत मोखागुड़ा में पूरी तरह दम तोड़ती नजर आ रही है. गांव के 1500 से ज्यादा परिवारों को घर-घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कई साल पहले पानी टंकी का निर्माण कराया गया था. लेकिन विडंबना यह है कि टंकी बनने के बाद से अब तक ग्रामीणों को महज दो दिन ही पानी नसीब हुआ है. इतना ही नहीं, लंबे समय से टंकी की सफाई नहीं होने की वजह से उसमें भारी गंदगी और कचरा जमा हो गया है. जिससे जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है.
दूषित पानी पीने और दूर से पानी ढोने को मजबूर ग्रामीण
ग्रामीणों के मुताबिक तालाब के समीप बोर खनन कर घरों तक टूटी-फूटी पाइपलाइन बिछाई गई और नल कनेक्शन भी लगाए गए. लेकिन नियमित सप्लाई नहीं होने और टंकी की सफाई न होने से नलों में या तो पानी आता ही नहीं है. या फिर बेहद दूषित पानी आता है जो पीने लायक नहीं है. मजबूरन ग्रामीणों को अपनी प्यास बुझाने के लिए पुराने और गंदगी से घिरे हैंडपंपों, निजी बोर और दूर-दराज के स्रोतों से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि पीएचई विभाग के अधिकारी बिजली और लो-वोल्टेज का बहाना बनाकर लगातार टालमटोल कर रहे हैं.
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत भी बेअसर
पेयजल संकट से त्रस्त सरपंच और ग्रामीणों ने इस गंभीर समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी. इसके अलावा मुख्यालय की बैठकों में भी विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया. लेकिन न तो कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर जांच करने पहुंचा और न ही संबंधित ठेकेदार ने व्यवस्था सुधारी। उच्च स्तर पर शिकायत के बाद भी राहत न मिलने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है.
कलेक्टर से अंतिम उम्मीद, अगले सप्ताह आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों का कहना है कि शुद्ध पेयजल दिलाने की अब आखिरी उम्मीद जिले के मुखिया (कलेक्टर) पर टिकी है. ग्रामीण पत्राचार के जरिए कलेक्टर से फौरन जांच और पेयजल व्यवस्था सुचारू कराने की मांग कर रहे हैं. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ. तो वे आने वाले हफ्ते में अपने परिवार और बच्चों के साथ मुख्य मार्ग पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
जिम्मेदारों का कहना है:
जोगेश्वर नागेश (सरपंच, मोखागुड़ा): "नल से जल नहीं मिलने को लेकर सीएम हेल्पलाइन और अधिकारियों से व्यक्तिगत तौर पर भी शिकायत की गई. लेकिन अफसोस है कि आज तक ग्रामीणों को पानी की एक बूंद नसीब नहीं हुई है."
बी. सिंह सिदार (इंजीनियर, पीएचई): "जिस मोहल्ले की बात की जा रही है. वहां तीन बोर खनन किए गए थे. लेकिन पानी नहीं मिला. वर्तमान में पानी के नए स्रोत की तलाश की जा रही है. स्रोत मिलते ही ग्रामीणों को पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb

बिना फिल्टर का पानी पीने को मजबूर ग्रामीण
बलौदाबाजार : बलौदाबाजार जिले के ग्राम पंचायत चिंतावर में नल-जल योजना के तहत निर्मित पानी टंकी की व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए बनाई गई पानी टंकी में लगी फिल्टर मशीन पिछले 3 से 4 महीनों से चोरी हो गई है. इसके बावजूद ग्रामीणों को बिना फिल्टर किए पानी की आपूर्ति किए जाने की बात सामने आ रही है.
बताया जा रहा है कि फिल्टर मशीन चोरी होने की जानकारी ग्राम पंचायत की सरपंच हेमबती पटेल को पहले से थी. इस मामले में लवन थाना में चोरी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई. लेकिन ग्रामीणों के मुताबिक अब तक फिल्टर मशीन की व्यवस्था दोबारा नहीं हो पाई है.
सबसे बड़ा सवाल ग्रामीणों के स्वास्थ्य और पेयजल की गुणवत्ता को लेकर है. आखिर जब जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों को कई महीनों से फिल्टर मशीन नहीं होने की जानकारी है. तो अब तक इसकी वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई? क्या ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना ग्राम पंचायत की जिम्मेदारी नहीं है?
ग्रामीणों का कहना है कि अगर बिना उचित फिल्टर व्यवस्था के पानी पीने से किसी तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्या पैदा होती है. तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? वहीं, सरपंच हेमबती पटेल द्वारा स्वयं भी बिना फिल्टर का पानी पीने की बात कहे जाने की जानकारी सामने आई है.
अब उठ रहे हैं ये सवाल:
3-4 महीने बीत जाने के बाद भी फिल्टर मशीन की व्यवस्था क्यों नहीं हुई?
चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आगे क्या कार्रवाई हुई?
ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
अगर दूषित पानी से ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर असर पड़ता है. तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
ग्राम पंचायत की जिम्मेदारी केवल पानी की आपूर्ति तक सीमित नहीं है. बल्कि ग्रामीणों को सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना भी उसकी अहम जिम्मेदारी है. अब देखना होगा कि संबंधित विभाग और ग्राम पंचायत इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कब तक आवश्यक व्यवस्था करते हैं.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb