प्रेम प्रसंग में किशोर की संदिग्ध मौत, 15 दिन से लापता नाबालिग की जंगल में मिली सड़ी-गली लाश, जांच में जुटी पुलिस, गर्लफ्रेंड से होगी पूछताछ

Teenager dies in suspicious love affair; decomposed body of minor missing for 15 days found in forest; police investigating, girlfriend to be questioned

प्रेम प्रसंग में किशोर की संदिग्ध मौत, 15 दिन से लापता नाबालिग की जंगल में मिली सड़ी-गली लाश, जांच में जुटी पुलिस, गर्लफ्रेंड से होगी पूछताछ

महासमुंद : छत्तीसगढ़ में महासमुंद जिले के चौकी भंवरपुर थाना बसना क्षेत्र में एक 17 साल के लापता नाबालिग लड़के का शव पहाड़ी जंगल में सड़ी-गली अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान राजा उर्फ उद्रेश वर्मा, निवासी ग्राम सर्वा थाना कसडोल जिला बलौदाबाजार के रुप में की गई है. शव मिलने की खबर के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी तादाद में ग्रामीण घटनास्थल के आसपास जुट गए.
मिली जानकारी के मुताबिक नाबालिग लड़का  29 जनवरी से लापता था. परिजनों द्वारा लगातार तलाश के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला. तब 31 जनवरी 2026 को अपराध क्रमांक 55/26 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया. इसके बाद से पुलिस कई संभावित स्थानों पर नाबालिग लड़के को तलाश कर रही थी. गुरुवार को जमनीडीह के पास पहाड़ी जंगल में एक शव पड़े होने की खबर मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची.
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मर्ग पंचनामा कार्रवाई की और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरुरी सबूत जुटाए. शव की हालत बहुत ज्यादा खराब होने की वजह से पहचान में कठिनाई आई. लेकिन परिजनों द्वारा कपड़ों और अन्य संकेतों के आधार पर मृतक की पुष्टि की गई. घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरु हो गई हैं.
सूत्रों के मुताबिक मृतक नाबालिग अपने दोस्तों के साथ अपनी कथित गर्लफ्रेंड से मिलने उसके गांव गया था. बताया जा रहा है कि गांव के कुछ लोगों ने उसे वहां देख लिया था. जिसके बाद कथित रूप से उसका पीछा किया गया. उस दौरान नाबालिग अपने साथियों से अलग हो गया था.
सूत्रों का यह भी दावा है कि किशोर ने अपने दोस्तों को वहां से जाने के लिए कहा और खुद मौके से भागते हुए पास के जंगल-पहाड़ी की तरफ चला गया. इसके बाद वह अचानक लापता हो गया था. परिजनों को उम्मीद थी कि नाबालिग कहीं सुरक्षित होगा. लेकिन जंगल में शव मिलने की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. फिलहाल मौत की वजह साफ नहीं है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह का खुलासा हो सकेगा. फ़िलहाल सभी पहलुओं प्रेम प्रसंग, संभावित विवाद, दुर्घटना या अन्य किसी आपराधिक एंगल को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पुलिस ने स्थानीय लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में मदद करने की अपील की है. वहीं नाबालिग की संदिग्ध हालत में मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है. परिजन इंसाफ और सच्चाई सामने आने की उम्मीद लगाए बैठे हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB