रेलवे खंभे से बिजली तार चोरी के दौरान हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आकर युवक की मौत, चार गिरफ्तार, एक फरार आरोपी की तलाश जारी
A young man died after coming in contact with high voltage current while stealing electricity wire from a railway pole, four arrested, search for an absconding accused continues
रायगढ़ : रायगढ़ जिला में धरमजयगढ़ के ग्राम गेरसा में रेलवे खंभे से बिजली तार चोरी के दौरान हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आकर एक युवक की मौत के मामले में धरमजयगढ़ पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की धाराओं में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 26 मार्च 2025 को मृतक दिनेश साहू उम्र 33 साल, निवासी छोटे देवगांव थाना खरसिया, अपने साथियों के साथ बिजली के तार चोरी करने पहुंचा और करंट की चपेट में आ गया.
थाना धरमजयगढ़ में दर्ज मर्ग क्रमांक 24/2025 की जांच के दौरान घटनास्थल से एक वायर काटने वाला कटर बरामद हुआ. पुलिस ने मृतक के परिजनों और चश्मदीदों के बयान लेने के साथ ही मृतक के साथियों से बारीकी से पूछताछ की. जांच में यह सामने आया कि मृतक दिनेश एक बिजली मिस्त्री था और उसके साथियों ने यह जानते हुए कि रेलवे खंभे में हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित हो रहा है. उसे खंभे पर चढ़ाकर तार काटने भेजा. इसी दौरान वह बिजली प्रवाह में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
मर्ग जांच के बाद धरमजयगढ़ पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 98/2025 के तहत धारा 105, 303(1), 62, 3(5) बी.एन.एस.एस. के अंतर्गत गैर इरादतन हत्या और चोरी का मामला दर्ज किया.
थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पुसाम के नेतृत्व में की गई तफ्तीश में आरोपियों की शिनाख्त के बाद धरमजयगढ़ पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर चार आरोपी- 1. मनोज साहू पिता सेतराम सारथी उम्र 33 साल निवासी छोटे देवगांव थाना खरसिया जिला रायगढ 2. नरेश साहू पिता स्व परसराम साहू उम्र 26 साल निवासी कुधरीपारा-बोतल्दा थाना खरसिया और 3. चंदन सारथी पिता रमेश सारथी उम्र 26 साल निवासी कुधरीपारा-बोतल्दा थाना खरसिया को गिरफ्तार किया गया और आरोपी 1. प्रमोद साहू और पिकअप नम्बर CG13 AJ 2072 का स्वामी नवधाराम पटेल फरार है. जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है. घटना में इस्तेमाल कटर समेत अन्य सामान भी जब्त किया गया.
इस कार्रवाई को रायगढ़ पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम और धरमजयगढ़ एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया. थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पुसाम और उनकी टीम की तत्परता से इस गंभीर मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया. पुलिस अब फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए सक्रिय रुप से प्रयासरत हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



