मुख्यमंत्री का OSD बनकर फोन पर धमकी देने वाला आरोपी अखिलेश सिंह गिरफ्तार, रायपुर पुलिस ने कुछ घंटों में खोला फर्जीवाड़ा

Akhilesh Singh, the accused who threatened the Chief Minister over the phone by posing as his OSD, was arrested. The Raipur police uncovered the fraud within hours.

मुख्यमंत्री का OSD बनकर फोन पर धमकी देने वाला आरोपी अखिलेश सिंह गिरफ्तार, रायपुर पुलिस ने कुछ घंटों में खोला फर्जीवाड़ा

रायपुर : रायपुर में कानून व्यवस्था को चुनौती देने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां एक व्यक्ति ने खुद को मुख्यमंत्री का ओएसडी बताकर फोन पर धमकी देने की हिमाकत की. हालांकि आरोपी की यह चाल ज्यादा देर तक नहीं चल सकी और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में घटना के चंद घंटों के भीतर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी चिंतामणी पण्डा, निवासी खमतराई, ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई कि पारिवारिक विवाद के चलते वह कुछ दिनों से अपनी पत्नी से अलग रह रहे हैं. इसी बीच 15 दिसंबर 2025 को दोपहर के समय लोधीपारा चौक के पास उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को “सीएम साहब का ओएसडी रवि मिश्रा” बताते हुए प्रार्थी को पत्नी से समझौता करने की हिदायत दी.
आरोपी ने न सिर्फ दबाव बनाने की कोशिश की. बल्कि धमकी देते हुए कहा कि अगर समझौता नहीं किया गया तो पत्नी द्वारा दिए गए आवेदन को बड़े-बड़े अधिकारियों तक पहुंचाकर गंभीर कार्रवाई करवाई जाएगी. सरकारी पद का नाम लेकर दी गई इस धमकी से प्रार्थी भयभीत हो गया और फौरन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 663/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2), 336(3), 340(2) और 351(3) में मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई.
जांच के दौरान साइबर विंग की टीम ने उस मोबाइल नंबर का तकनीकी विश्लेषण किया. जिससे प्रार्थी को कॉल किया गया था. तकनीकी जांच के आधार पर मोबाइल धारक की पहचान विशाल नगर, तेलीबांधा निवासी अखिलेश सिंह के रुप में हुई. इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में ले लिया.
पूछताछ के दौरान आरोपी अखिलेश सिंह ने चौंकाने वाला खुलासा किया. उसने बताया कि प्रार्थी की पत्नी उसकी मुंहबोली बहन है और वह चाहता था कि दोनों पति-पत्नी आपस में सुलह कर फिर से साथ रहें. इसी मकसद से उसने खुद को मुख्यमंत्री का ओएसडी बताकर धमकी देने का रास्ता अपनाया. ताकि प्रार्थी पर दबाव बनाया जा सके.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त कर लिया है. आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है.
आरोपी
अखिलेश सिंह उम्र 49 साल निवासी मकान नम्बर A-4, विशाल नगर, तेलीबांधा रायपुर छत्तीसगढ़ 
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t