भाजपा को लगा बड़ा झटका, BJP के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ने सैकड़ों समर्थकों के साथ थामा कांग्रेस का दामन, पार्टी पर लगाया परिवारवाद का आरोप
BJP gets a big blow, former Nagar Panchayat president of BJP joined Congress along with hundreds of supporters, made serious allegations against the party
खैरागढ़ : छुईखदान के नगर पंचायत से दो बार अध्यक्ष रह चुके और भाजपा के जिला उपाध्यक्ष और छुईखदान रियासत के राजा गिरीराज किशोर दास, उनकी धर्मपत्नी रानी नम्रता किशोर दास ने सैकड़ों समर्थकों के साथ रायपुर के प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गजेन्द्र ठाकरे की मौजूदगी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के सामने कांग्रेस प्रवेश किया.
इससे पहले गिरीराज किशोर दास ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात कर आशीर्वाद लिया. पूर्व मुख्यमंत्री ने उन्हें मुंह मिठा कराकर कांग्रेस प्रवेश के लिए बधाई दी.
गिरीराज किशोरदास ने कहा कि भाजपा में अब कार्यकर्ताओं की अनदेखी और परिवारवाद हावी हो गया है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी नेतृत्व क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनभावनाओं को दरकिनार कर फैसले ले रही है. कांग्रेस की नीतियों और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व से प्रभावित होकर उन्होंने यह कदम उठाया.
इस मौके पर युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य निलांबर वर्मा,ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष छुईखदान रामकुमार पटेल, जिला सेवा दल अध्यक्ष देवराज किशोर दास, जिला के छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस अध्यक्ष आरती महोबिया, जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन तिवारी, आलोक यादव सहित बड़ी तादाद में कांग्रेसी मौजूद थे.
भाजपा ने छुईखदान नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ नेता खुबचंद पारख की बेटी शीतल जैन को प्रत्याशी घोषित किया है. लेकिन उनकी उम्मीदवारी का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है. साथ ही भाजपा की पार्षद शैव्या वैष्णव ने भी शीतल जैन को टिकट देने का विरोध किया. शैव्या ने पार्टी नेतृत्व पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और इसे क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के सम्मान के खिलाफ बताया. इसके बाद गिरीराज किशोरदास के कांग्रेस में शामिल होने और भाजपा के भीतर बढ़ते विरोध ने छुईखदान में राजनीतिक समीकरणों को पूरी तरह से बदल दिया है. कांग्रेस इस मौके को अपने लिए बड़ा फायदा मान रही है. जबकि भाजपा के लिए यह एक बड़ा झटका साबित हो सकता है.
छुईखदान में आगामी नगर पंचायत चुनाव अब और दिलचस्प हो गया है. देखना होगा कि गिरीराज किशोरदास के इस कदम का कांग्रेस और भाजपा पर कैसा असर पड़ता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI



