बिजली का काम करते समय करंट से ठेका कर्मचारी की दर्दनाक मौत, मरम्मत के दौरान चालू हो गई लाइन, गांव में पसरा मातम, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
Contract worker dies a tragic death from electric shock while performing electrical work; power line became live during repairs; village plunged into mourning; serious questions raised regarding safety measures.
बिलासपुर/कोटा : बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र स्थित ग्राम अमाली निवासी नीलकमल भारद्वाज उम्र 25 साल की बुधवार दोपहर आईटीआई कॉलेज के पास बिजली के खंभे पर मरम्मत कार्य के दौरान करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई.
मिली जानकारी के मुताबिक गड्ढापारा स्थित आईटीआई कॉलेज के पास बिजली विभाग में ठेका कर्मचारी नीलकमल भारद्वाज पिता रामकिशुन भारद्वाज उम्र 25 साल खंभे पर चढ़कर मरम्मत का काम कर रहे थे. तभी अचानक विद्युत प्रवाह शुरू हो गया. जिसकी चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए. स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें फ़ौरन इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिवार और पूरे गांव में मातम पसर गया है.
वहीं, खबर पाकर मौके पर पहुंची कोटा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी. जिसमें मुख्य रूप से इस बात पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है कि क्या काम के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं.
इस हादसे के बाद बिजली विभाग में ठेका कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली जैसे जोखिम भरे कार्यों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए. जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



