अपराधियों के हौसले बुलंद, रायपुर में विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह के घर के सामने खुलेआम बदमाशों का तांडव, युवक को चाकू मारकर किया घायल
The morale of criminals is high, miscreants openly created havoc in front of the house of Assembly Speaker Raman Singh in Raipur, a youth was stabbed and injured
रायपुर : राजधानी के वीआईपी और अत्यधिक सुरक्षित माने जाने वाले सिविल लाइंस क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे कानून और पुलिस व्यवस्था की खुलेआम धज्जियां उड़ाने से भी नहीं हिचक रहे. हाल ही में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. जिसमें स्पीकर हाउस के ठीक सामने कुछ नाबालिग बदमाशों ने सरेराह एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया. यह पूरी वारदात न सिर्फ दिनदहाड़े हुई, बल्कि इतने संवेदनशील इलाके में हुई जहां हर पल पुलिस की निगरानी रहती है. घटना रविवार शाम की बताई जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक घायल युवक अपने किसी काम से उस क्षेत्र में गया हुआ था. तभी चार से पांच नाबालिग लड़कों का एक झुंड वहां पहुंचा और अचानक उसे घेर लिया. पहले तो युवकों ने गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की. लेकिन कुछ ही पलों बाद उनमें से एक नाबालिग लड़के ने जेब से चाकू निकालकर युवक पर हमला कर दिया. युवक को चाकू से पीठ और कंधे पर गंभीर चोट आई है.
वारदात के वक्त पास में मौजूद लोगों ने शोर मचाया और हमलावर मौके से भाग निकले. घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. इस दौरान जो सबसे चौंकाने वाली बात सामने आई, वह यह कि वारदात को अंजाम देने वाले सभी आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं. और उनके चेहरों पर पुलिस या कानून का कोई खौफ नहीं दिखा.
चश्मदीदों ने बताया कि हमलावर बहुत ही बेखौफ अंदाज में आए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो भी बना लिया है. जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में हमलावरों की हरकतें और उनका बर्ताव साफ़ तौर पर देखा जा सकता है.
वारदात के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन कर रही है. पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरु कर दिए हैं. थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह वारदात आपसी रंजिश का मामला मालुम हो रही है. लेकिन नाबालिगों के इस तरह के हमले से चिंता का माहौल है. इस घटना ने राजधानी की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. शहर के बेहद संवेदनशील इलाके में अगर अपराधी बेखौफ होकर हमला कर सकते हैं. तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
ttps://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



