गर्मी से राहत पाने तालाब में नहाने गए 3 भाई, 18 वर्षीय युवक की डूबने से दर्दनाक मौत, दो भाइयों की लोगों ने बचाई जान, इलाके में शोक का माहौल

Three brothers went to bathe in a pond to escape the heat. An 18-year-old man tragically drowned, two of them were saved by others, and the area was filled with grief.

गर्मी से राहत पाने तालाब में नहाने गए 3 भाई, 18 वर्षीय युवक की डूबने से दर्दनाक मौत, दो भाइयों की लोगों ने बचाई जान, इलाके में शोक का माहौल

बिलासपुर/चकरभाठा : बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पालिका बोदरी स्थित बैराग तालाब में नहाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. भीषण गर्मी से राहत पाने तालाब में उतरे तीन भाइयों में से एक 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई. जबकि उसे बचाने की कोशिश में गहरे पानी में फंसे दो अन्य भाइयों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम अमसेना निवासी हिमांशु कौशिक उम्र 18 साल अपने भाई वैभव कौशिक और चचेरे भाई शिवांश कौशिक के साथ बोदरी आया हुआ था. वार्ड नम्बर 7 में उनके पिता प्रभात कौशिक का मकान निर्माणाधीन है. जहां वे काम करवा रहे थे. बताया जा रहा है कि दोपहर के समय तीनों भाई अपने पिता के लिए टिफिन लेकर पहुंचे थे.
टिफिन देने के बाद गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए तीनों युवक पास स्थित बैराग तालाब में नहाने चले गए. नहाने के दौरान हिमांशु तालाब के उस हिस्से में चला गया जहां पानी काफी गहरा था. गहराई का अंदाजा नहीं होने की वजह से वह अचानक डूबने लगा. हिमांशु को डूबता देख उसके भाई वैभव और चचेरे भाई शिवांश ने उसे बचाने की कोशिश की. लेकिन वे खुद भी गहरे पानी में फंस गए.
तालाब के आसपास मौजूद लोगों ने युवकों को मदद के लिए चिल्लाते देखा तो फौरन बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय ग्रामीणों ने बिना देर किए तालाब में छलांग लगाई और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला. इसके बाद सभी को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने हिमांशु कौशिक को मृत घोषित कर दिया. वहीं वैभव और शिवांश की हालत अब सामान्य बताई जा रही है. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t