बिजली सब स्टेशन में करंट से 32 वर्षीय ऑपरेटर की मौत, नाईट ड्यूटी के बाद सुबह कार्यालय में मिला अचेत, सुरक्षा इंतजामों पर उठे गंभीर सवाल
32-year-old operator dies from electric shock at power substation; found unconscious in the office in the morning following a night shift—serious questions raised regarding safety measures.
बिलासपुर/तखतपुर : बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र के ग्राम कुरेली स्थित बिजली सब स्टेशन में ड्यूटी के दौरान करंट की चपेट में आने से ऑपरेटर अमन साहू उम्र 32 साल की मौत हो गई. हादसे के बाद बिजली विभाग और ठेका कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं. आरोप है कि जोखिम भरे काम के बावजूद ऑपरेटर को जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे.
रात भर ड्यूटी के बाद सुबह कार्यालय में मिला अचेत
मिली जानकारी के मुताबिक हिर्री थाना क्षेत्र में अमन साहू ठेका कंपनी के जरिए कुरेली बिजली सब स्टेशन में स्टेशन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था. बताया जा रहा है कि बीती रात वह ड्यूटी पर तैनात था. सुबह जब रिलीवर ऑपरेटर ड्यूटी संभालने पहुंचा, तो अमन कार्यालय में अचेत अवस्था में पड़ा मिला. आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शुरु की जांच, पंचनामा कार्रवाई जारी
घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस पंचनामा कार्रवाई कर रही है. हादसा किन हालात में हुआ और ऑपरेटर की मौत की असल वजह क्या रही. इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा.
सुरक्षा उपकरण नहीं मिलने का आरोप, विभाग की जवाबदेही पर सवाल
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल बिजली सब स्टेशन में कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर उठ रहा है. आरोप है कि ऑपरेटर को काम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे. हालांकि, सुरक्षा मानकों के पालन और ठेका कंपनी की जिम्मेदारी को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
बिजली जैसी जोखिम भरी व्यवस्था में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना आखिर किसकी जिम्मेदारी है? क्या विभाग और ठेका कंपनी ने सुरक्षा नियमों का पालन किया था? कुरेली की इस घटना ने इन सवालों को फिर से सामने ला दिया है. फिलहाल 32 साल के अमन साहू की असमय मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



