पटवारी संघ की हड़ताल के समर्थन में कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के साथ गरियाबंद में निकली विशाल रैली, कर्मचारियों ने दिखाई एकजुटता
A massive rally was held in Gariaband in support of the Patwari Association's strike, with the Employees and Officers Federation participating; the employees demonstrated their unity.
गरियाबंद : राजस्व पटवारी संघ की विभिन्न मांगों और लंबित समस्याओं के निराकरण को लेकर जारी हड़ताल के समर्थन में मंगलवार को जिला मुख्यालय गरियाबंद में विशाल रैली निकाली गई. राजस्व पटवारी संघ जिला गरियाबंद के नेतृत्व में कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के साथ आयोजित इस रैली में जिले भर के कर्मचारी-अधिकारी बड़ी तादाद में शामिल हुए. रैली के जरिए कर्मचारियों ने अपनी एकजुटता का परिचय देते हुए शासन-प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाई.
दोपहर 2 बजे आयोजित इस रैली में राजस्व पटवारी संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों सहित विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष विशेष रूप से मौजूद रहे. प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों की उपस्थिति ने आंदोलन को मजबूती प्रदान की. रैली में शामिल कर्मचारियों ने पटवारी संघ की मांगों का समर्थन करते हुए लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग उठाई.
इस मौके पर कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला गरियाबंद के जिला संयोजक एमआर खान ने पटवारी संघ के आंदोलन को समर्थन देते हुए कर्मचारियों की एकजुटता को अहम बताया. उन्होंने कहा कि कर्मचारी-अधिकारियों के अधिकारों और जायज मांगों के लिए सभी संगठनों का एक मंच पर आना जरुरी है.
वहीं राजस्व पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष गुलशन यदु ने कहा कि कर्मचारियों एवं अधिकारियों की जायज मांगों का निराकरण लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से किया जाना चाहिए. कर्मचारी हितों की रक्षा और न्यायोचित मांगों की पूर्ति के लिए संगठित होकर आवाज उठाना जरुरी है. उन्होंने कहा कि एकजुटता ही कर्मचारियों की सबसे बड़ी ताकत है. रैली के जरिए कर्मचारी-अधिकारी संगठनों ने अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित करते हुए आंदोलन को सफल बनाने का संदेश दिया.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



