सीआरपीएफ जवान ने शराब के नशे में मचाया हंगामा, बोरिंग को लेकर विवाद के बाद पड़ोसियों से मारपीट, वीडियो वायरल होने पर केस दर्ज
A CRPF jawan, under the influence of alcohol, created a ruckus, assaulted neighbors after a dispute over a boring machine; a case was filed after the video went viral.
कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां सीआरपीएफ कोबरा कमांडो में पदस्थ जवान हेमंत सिंह ने शराब के नशे में पड़ोसियों से जमकर विवाद किया और मारपीट की. नशे की हालत में जवान ने न सिर्फ गाली-गलौज की. बल्कि पत्थर फेंककर घर में तोड़फोड़ भी की. पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. यह मामला बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के शक्ति चौक कॉलोनी का है.
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर रात जवान हेमंत सिंह का अपने पड़ोसी अशोक कुमार और उनके परिवार से झगड़ा हो गया. विवाद की शुरुआत घर के बाहर लगे बोरिंग हैंडपंप से पानी भरने को लेकर हुई. बताया जा रहा है कि जवान नशे में था और उसने अशोक कुमार के परिवार को बोरिंग चलाने से रोका. बात बढ़ने पर हेमंत ने घर से बाहर निकलकर पत्थर फेंकने और गाली देने शुरु कर दिया. जब अशोक कुमार और उनके परिवार वाले बाहर आए. तो जवान ने उन पर हमला कर दिया. इस दौरान महिलाओं के साथ भी बदसलूकी की गई.
अशोक कुमार के परिवार के मुताबिक जब उन्होंने हेमंत सिंह से उसके व्यवहार का कारण पूछा तो उसने कहा आप लोगों को यहां किसने बसाया और किसके कहने पर यहां रहते हैं?
इस टिप्पणी से विवाद और बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट शुरु हो गई. बताया जा रहा है कि इससे पहले भी हैंडपंप को लेकर दोनों परिवारों में विवाद हो चुका था. लेकिन इस बार मामला हिंसा तक पहुंच गया.
वारदात की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों ने 112 डायल पर कॉल किया. कुछ ही देर में बांकी मोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. पुलिस ने हेमंत सिंह को शांत कराया और दोनों पक्षों को थाने बुलाया. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि मामले में प्रारंभिक जांच के बाद जवान हेमंत सिंह के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया. उन्होंने कहा कि “आरोपी जवान के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. किसी को भी यूनिफॉर्म की आड़ में कानून तोड़ने की इजाजत नहीं दी जा सकती.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जिसमें जवान हेमंत सिंह को पड़ोसी के घर के बाहर हंगामा करते और पत्थर फेंकते देखा जा सकता है. वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है. पुलिस ने वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराने और गवाहों के बयान लेने की प्रक्रिया शुरु कर दी है. वहीं सीआरपीएफ के उच्चाधिकारियों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है. सूत्रों के मुताबिक जवान के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरु हो सकती है.
शक्ति चौक कॉलोनी के निवासियों ने कहा कि जवान अक्सर नशे की हालत में गाली-गलौज और हंगामा करता है. कई बार इसकी शिकायत की गई. लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इस बार मामला हिंसा में बदल गया. इसलिए पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



