सरकारी नौकरी के नाम पर 78 हजार की ठगी, ट्रेनिंग के बहाने लड़कियों को बनाया बंधक!, एक कॉल ने खोला ठगी के गिरोह का राज, मामला दर्ज

A fraud of 78,000 rupees in the name of a government job, girls held hostage on the pretext of training! A call exposed the secret of the fraud gang, a case registered.

सरकारी नौकरी के नाम पर 78 हजार की ठगी, ट्रेनिंग के बहाने लड़कियों को बनाया बंधक!, एक कॉल ने खोला ठगी के गिरोह का राज, मामला दर्ज

बिलासपुर : न्यायधानी के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवतियों के साथ धोखाधड़ी और जालसाजी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. कोरबा जिले की युवतियों को 60 साल तक की पक्की सरकारी नौकरी का झांसा देकर न सिर्फ उनसे हजारों रुपये ऐंठे गए. बल्कि उन्हें फर्जी ट्रेनिंग के नाम पर एक तरह से कैद कर लिया गया था.
मिली जानकारी के मुताबिक कोरबा निवासी प्रार्थिया कमला बाई श्याम ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि आरोपी श्याम, धीरु और उनके अन्य साथियों ने उनकी बेटी शशी श्याम और उसकी सहेलियों (परमेश्वरी, क्रांति सिंह और नगमा खान) को जाल में फंसाया. आरोपियों ने युवतियों को भरोसा दिलाया कि उनकी 60 साल तक के लिए सरकारी नौकरी पक्की हो जाएगी. इस नाम पर अलग-अलग किस्तों में नगद और फोन-पे के जरिए कुल 78,000 रुपये वसूल लिए गए. पैसे लेने के बाद आरोपियों ने युवतियों को बिलासपुर बुलाकर एक फर्जी ट्रेनिंग सेंटर में रखा. जहां उन्हें गुमराह किया जा रहा था.
इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश तब हुआ जब शशी श्याम ने किसी तरह छिपकर अपनी मां को फोन किया. उसने रोते हुए बताया कि कंपनी के लोगों ने उसका मोबाइल छीन लिया है. और उन्हें वहां से जाने नहीं दिया जा रहा है. घबराए परिजनों ने फौरन बिलासपुर पहुंचकर सिरगिट्टी पुलिस से मदद मांगी.
सिरगिट्टी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी मदद से लोकेशन का पीछा किया और संदिग्ध ठिकाने पर दबिश दी. पुलिस ने मौके से शशी और उसकी सहेलियों को सुरक्षित बरामद किया. जांच में पता चला कि आरोपियों ने बाकायदा एक गिरोह बना रखा था जो ग्रामीण और सीधे-साधे बेरोजगारों को निशाना बनाता था.
सिरगिट्टी पुलिस ने कमला बाई की लिखित शिकायत पर आरोपी श्याम, धीरु और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी के शिकार हुए अन्य संभावित लोगों की तलाश में जुट गई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB