पत्नी ने अपशब्द कहे तो पीट-पीटकर हत्या, जल्दी चलने को कहने पर हुआ झगड़ा, नाले में गिरने की गढ़ी झूठी कहानी, आरोपी पति लालू प्रसाद गिरफ्तार
Wife beaten to death after using abusive language; argument broke out when he asked her to walk faster; accused husband Lalu Prasad arrested after fabricating a false story about her falling into a drain.
सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पत्नी की हत्या कर उसकी मौत को हादसा बताने की कोशिश करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने पुलिस को बताया था कि उसकी पत्नी की नाले में गिरने से आई अंदरूनी चोट की वजह से मौत हो गई. हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में उसकी कहानी का खुलासा हो गया कि पत्नी की मौत नाले में गिरने से नहीं, बल्कि पति द्वारा की गई मारपीट की वजह से गंभीर अंदरूनी चोटें आने से हुई. मामले में चौकी चेन्द्रा पुलिस ने आरोपी लालू प्रसाद पण्डो के खिलाफ हत्या और सबूत छिपाने का जुर्म दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
नाले में गिरने से मौत होने की दी जानकारी
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम रैसरा निवासी लालू प्रसाद पण्डो उम्र 35 साल ने 10 नवंबर को चौकी चेन्द्रा में अपनी पत्नी लक्षंती बाई की मौत की खबर दी. उसने बताया था कि 9 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे वह अपनी पत्नी के साथ महतारी वंदन योजना की राशि के बारे में जानकारी लेने ग्राहक लोक सेवा केंद्र गया था. वहां से दोनों अपने फूफा के घर ग्राम टोमो जाने के लिए निकले थे. आरोपी ने पुलिस को बताया था कि शाम करीब सात बजे ग्राम टोमो के बेवराडांड स्थित ईरा नाला पार करते समय उसकी पत्नी पत्थर पर गिर गई थी. इससे उसे अंदरूनी चोट आई और वह पानी में भीग गई.
इसके बाद वह पत्नी को नाले के पास स्थित एक व्यक्ति के मवेशी बांधने वाले बथान में आम के पेड़ के नीचे ले गया. जहां उसकी सिकाई करने लगा. उसने बताया था कि रात करीब 11 बजे पत्नी को छूकर देखा तो उसकी सांसें थम चुकी थीं. आरोपी ने पुलिस के सामने नाले में गिरने से लगी चोट को पत्नी की मौत की वजह बताया था.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से हुआ हत्या का खुलासा
महिला की मौत की खबर मिलने पर चौकी चेन्द्रा पुलिस ने मर्ग क्रमांक 91/2026 कायम किया. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम कराया. जांच के दौरान गवाहों के बयान दर्ज किए गए और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का बारीकी से मुआयना किया गया. जांच में सामने आया कि लक्षंती बाई की मौत नाले में गिरने की वजह से नहीं हुई थी. महिला की मौत हाथ-मुक्के और लात से की गई मारपीट की वजह से आई गंभीर अंदरूनी चोटों से हुई थी. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना के समय लालू प्रसाद अपनी पत्नी के साथ मौजूद था. इसके बाद पुलिस ने आरोपी से घटना के बारे में पूछताछ की.
मामूली विवाद के बाद पत्नी से की मारपीट
पूछताछ में आरोपी लालू प्रसाद ने बताया कि 9 नवंबर को बेवराडांड स्थित ईरा नाला पार करते समय उसकी पत्नी पानी में गिर गई थी. पत्नी को उठाकर नाला पार कराने के बाद उसने जल्दी चलने के लिए कहा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. पत्नी ने उसे अपशब्द कहे थे. जिससे वह नाराज हो गया. गुस्से में उसने पत्नी के साथ हाथ-मुक्के और लात से मारपीट की. इस मारपीट से आई गंभीर चोटों की वजह से लक्षंती बाई की मौत हो गई. इसके बाद आरोपी ने घटना की सच्चाई छिपाने के लिए पत्नी की मौत को हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की.
हत्या और सबूत छिपाने के आरोप में पति गिरफ्तार
मामले में चौकी चेन्द्रा पुलिस ने लालू प्रसाद पण्डो पिता स्व रामजीत पण्डो उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम रैसरा असनाढोढ़ी को हिरासत में लिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 256/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत हत्या और सबूत छिपाने का मामला दर्ज किया है. आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
आरोपी
लालू प्रसाद पण्डो पिता स्व रामजीत पण्डो उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम रैसरा असनाढोढ़ी
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



