मोहब्बत में दीवार बन रहे पति को रास्ते से हटाने प्रेमी की मदद से हत्या, पत्नी की गिरफ्तारी के बाद बॉयफ्रेंड को पुलिस ने झारखंड से किया गिरफ्तार
A lover was involved in the murder of a husband who was becoming a barrier in love. After the wife's arrest, the boyfriend was arrested by the police from Jharkhand.
बिलासपुर : सिरगिट्टी पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है. आरोपी वारदात के बाद से फरार था. जिसे तकनीकी सबूतों के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक मामले में प्रार्थी ने थाना सिरगिट्टी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका बड़ा भाई विनोद लोमदा 18 मई 2026 को अपनी पत्नी पूनम लोमदा के साथ राउरकेला पैसा लेने जाने की बात कहकर घर से निकला था. 20 मई को पूनम वापस घर लौटी और बताया कि विनोद राउरकेला में काम करने रुक गया है. पूछताछ के दौरान पूनम ने खुलासा किया कि उसने अपने प्रेमी सुगड टोप्पनो और उसके साथियों के साथ मिलकर विनोद लोमदा की हत्या कर दी.
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने विनोद लोमदा को पैसे दिलाने का झांसा देकर झारखंड से लोकल ट्रेन में बैठाकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन के आगे रेलवे पटरी के किनारे ले गए. वहां 19 मई की सुबह करीब 3 बजे से 5 बजे के बीच गमछे से गला घोंटकर और चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को रेलवे पटरी किनारे पानी भरे कीचड़ में फेंक दिया गया.
इस मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी पूनम लोमदा को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था. जबकि उसका प्रेमी सुगड टोप्पनो घटना के बाद से फरार चल रहा था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस ने विशेष टीम गठित कर झारखंड रवाना किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुगड टोप्पनो उम्र 27 साल निवासी रंगामाटी, थाना अनंतपुर, जिला रांची (झारखंड) को हिरासत में लेकर बिलासपुर लाया. पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. मामले की जांच जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



