तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी को मारी टक्कर, वाहन के पहियों में फंसकर घसीटती चली गई महिला, दर्दनाक मौत, ड्राइवर गिरफ्तार
A speeding truck hit a couple riding a bike, the woman was dragged between the wheels of the vehicle, resulting in a painful death; the driver was arrested.
जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुरपा के पास मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. जबकि उसका पति गंभीर रुप से घायल हो गया. हादसा इतना भयावह था कि महिला का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया. जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोगों की रुह कांप उठी.
मिली जानकारी के मुताबिक तनौद गांव निवासी 45 सक की भगवती साहू अपने पति कृष्णकुमार साहू के साथ मुड़पार गांव में आयोजित एक पारिवारिक छठी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाइक से जा रही थीं. जैसे ही उनकी बाइक ग्राम दुरपा के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक असंतुलित होकर सड़क किनारे जा गिरी. इस दौरान कृष्णकुमार साहू बाइक सहित सड़क के किनारे गिर गए और गंभीर रुप से घायल हो गए. वहीं भगवती साहू ट्रक के नीचे आ गईं और ट्रक के पहियों में फंसकर कुछ दूरी तक घसीटती चली गईं. ट्रक के पहियों से कुचलने की वजह से महिला के कमर के नीचे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सड़क पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने फौरन ट्रक को रुकवाया और पुलिस को खबर दी. खबर मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल कृष्णकुमार साहू को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया. जहां उनका इलाज जारी है.
पुलिस ने मृतिका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरु कर दी है.
इस दर्दनाक हादसे से मृतिका के परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण और स्पीड ब्रेकर लगाए जाने की मांग की है. ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



