जमीन विवाद मामले में कोर्ट से लौट रहे दादा को ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास, नाकाम हुए तो चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट, दो आरोपी गिरफ्तार

Attempt made to run over a grandfather with a tractor as he was returning from court regarding a land dispute; when that failed, he was stabbed to death; two accused arrested.

जमीन विवाद मामले में कोर्ट से लौट रहे दादा को ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास, नाकाम हुए तो चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट, दो आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर : सूरजपुर जिले में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया. लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद में 60 साल के बुजुर्ग की उसके ही 2 पोतों ने चाकू से हत्या कर दी. वारदात के दौरान वह कोर्ट से लौट रहा था. पोतों ने पहले अपने दादा को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की थी. इसमें वे नाकाम हो गए तो चाकू से हमला कर हत्या कर दी. हत्या के बाद दोनों भाग निकले थे. जिसे स्थानीय लोगों की मदद से सूरजपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया. जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.  घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले के ग्राम पीढ़ा निवासी बरन राम राजवाड़े का अपने पोतों योग्यता राजवाडे उम्र 25 साल और रोहित राजवाड़े उम्र 22 साल के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. गुरुवार को दोनों पक्ष किसी मामले की सुनवाई के सिलसिले में सूरजपुर अदालत पहुंचे थे. पेशी के बाद सभी लोग अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान पर्री गांव के पास आरोपियों ने अपने दादा पर हमला कर दिया.
आरोप है कि बड़े नाती ने पहले ट्रैक्टर से अपने दादा को कुचलने का प्रयास किया. लेकिन वह कामयाब नहीं हो सका. इसके बाद दूसरे नाती ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया. जिससे बुजुर्ग दादा गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा. आसपास मौजूद लोगों ने फौरन बचाने का प्रयास किया. उसे जिला अस्पताल ले जाया गया. लेकिन उसकी मौत हो गई.
दोनों आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद दोनों आरोपी भागने लगे. इस दौरान ग्रामीणों ने पीछा कर एक आरोपी नाती को पकड़ लिया और इसकी खबर पुलिस को दी. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं कुछ देर बाद दूसरे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
किसान की ट्रैक्टर से कुचलकर हुई थी हत्या
बता दें कि इस घटना से 3 दिन पहले ही सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सिलमा में जमीन विवाद में 60 साल के किसान होस राम की दूसरे पक्ष के लोगों ने ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी थी. इस दौरान किसान खेत में आरोपी पक्ष द्वारा की जा रही जोताई को रोकने आया था. इस मामले में पुलिस ने 2 महिला समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t