17 साल से जंगल में रहकर तपस्या कर रहे साधु बाबा लोकराम पर गुफा में घुसकर भालू का खौफनाक हमला, मौके पर ही मौत, इलाके में दहशत का माहौल
Baba Lokram, a monk who had been practicing penance in the forest for 17 years, was terrified when a bear entered his cave and attacked him. He died on the spot, creating an atmosphere of panic in the area.
बैकुंठपुर : एमसीबी जिले के वनांचल ब्लॉक भरतपुर अंतर्गत ग्राम रेद स्थित बाघमाड़ा में शुक्रवार रात को दर्दनाक घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. पिछले 17 साल से गांव से दूर गुफा में रह रहे बाबा को एक भालू ने मार डाला. गुफा में घुसकर भालू ने अपने पैने नाखूनों और दांतों से उन्हें नोंच दिया. इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की खबर सुबह ग्रामीणों को हुई तो वे वहां पहुंच गए. खबर पर वन विभाग और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। फिर शव बरामद कर पीएम के बाद अंतिम संस्कार किया गया.
ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2009 में बाबा लोकराम कहीं से गांव आए थे. इसके बाद उन्होंने गांव से दूर पहाड़ी पर स्थित गुफा को अपना ठिकाना बनाया था. यहां वे 17 साल से तप कर रहे थे. यह इलाका घने जंगलों और वन्य जीवों की गतिविधियों के लिए जाना जाता है.
यहां गर्मी के मौसम में जंगली जानवर पानी की तलाश में गुफाओं और छायादार स्थानों की ओर रुख करते हैं. इसी बीच शुक्रवार की रात एक भालू ने गुफा में घुसकर बाबा लोकराम को मार डाला. शनिवार सुबह बड़ी तादाद में आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है.
घटना की खबर मिलते ही जनकपुर पुलिस और वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
इस मामले में वन विभाग ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और भालू सहित अन्य प्राणियों की गतिविधियों पर नजर रखने फॉरेस्ट गार्ड तैनात किए गए हैं. वहीं वन विभाग ने ग्रामीणों को समझाइश देकर कहा कि जंगल में अकेले न जाएं और विशेष सतर्कता बरतें. किसी भी वन्यजीव की गतिविधि नजर आने पर तत्काल जानकारी दें.
बाघमाड़ा वन्यप्राणियों का विचरण क्षेत्र, पहली बार घटना
ग्रामीणों का कहना है कि बाघमाड़ा क्षेत्र में पहले भी भालुओं सहित अन्य वन्यप्राणी विचरण करते हैं. कई बार भालू सहित अन्य जंगली जानवर देखे गए हैं. लेकिन ऐसी घटना पहलीबार सामने आई है.
घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है. और लोग जंगल की तरफ़ जाने से बच रहे हैं. उनका कहना है कि बीती रात एक भालू गुफा में पहुंच गया. जहां बाबा लोकराम रहते थे. भालू ने अचानक हमला कर दिया. जिससे बाबा की मौके पर मौत हो गई.
इस बारे में जनकपुर के फॉरेस्ट एसडीओ उत्तम पैंकरा का कहना है कि बाघमाड़ा में भालू के हमले में एक बाबा की मौत हो गई है. इस मामले की आगे की प्रक्रिया और कार्रवाई की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



