बस का इंतजार कर रही शिक्षिका और छात्रों को तेज रफ्तार ईको कार ने मारी जोरदार टक्कर, महिला टीचर की मौत, दो छात्र गंभीर, शिक्षा जगत में शोक की लहर
A speeding Eeco car violently struck a female teacher and students who were waiting for a bus; the teacher died, two students are in critical condition, and a wave of grief has swept through the education community.
खैरागढ़ : ठेलकाडीह थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार ईको कार ने सड़क किनारे बस का इंतजार कर रही एक शिक्षिका और दो छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में ठेलकाडीह प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षिका किरण तिवारी की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद स्कूल के दो छात्र गंभीर रुप से घायल हो गए. दोनों बच्चों का मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव में इलाज जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक दीनदयाल नगर राजनांदगांव की निवासी और मनीष तिवारी की पत्नी किरण तिवारी रोज की तरह स्कूल की छुट्टी के बाद शाम करीब 5 बजे बस का इंतजार करने के लिए ठेलकाडीह मुख्य चौक पर खड़ी थीं. उनके साथ उसी स्कूल में पढ़ने वाले दो छात्र भी मौजूद थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही ईको कार अनियंत्रित होकर उनकी ओर आई और तीनों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षिका और दोनों बच्चे उछलकर दूर जा गिरे. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
नाजुक हालत में मेडिकल कॉलेज पहुंचाया
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने फौरन एंबुलेंस को खबर दी. स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को नाजुक हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शिक्षिका किरण तिवारी को मृत घोषित कर दिया. वहीं दोनों बच्चों का उपचार जारी है.
चश्मदीद ने बताई तेज रफ्तार की बात
हादसे के चश्मदीदों के मुताबिक ईको कार काफी तेज गति से आ रही थी. एक चश्मदीद ने वाहन की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे होने की बात कही. तेज गति के कारण चालक वाहन पर कंट्रोल नहीं रख सका और सड़क किनारे खड़ी शिक्षिका और दोनों छात्रों को अपनी चपेट में ले लिया.
डीईओ देवांगन अस्पताल के लिए रवाना
हादसे की खबर मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया. जानकारी मिलते ही वे मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव के लिए रवाना हो गए. शिक्षिका की मौत और दो छात्रों के घायल होने की खबर से पूरे जिले के शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई. शिक्षिका के निधन से शिक्षा विभाग और उनके सहकर्मियों में भी गहरा दुख है.
पुलिस ने शुरु की जांच
हादसे की खबर मिलते ही ठेलकाडीह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ईको कार को अपने कब्जे में ले लिया है. वाहन से संबंधित लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस हादसे की असल वजह, वाहन की स्पीड और चालक की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है. ठेलकाडीह पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
हादसे ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्कूल की छुट्टी के बाद बस का इंतजार कर रही शिक्षिका की मौत और दो बच्चों के गंभीर रूप से घायल होने की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb




