इंदिरा मार्केट में खून से लथपथ संदिग्ध लाश मिलने से मचा हड़कंप, सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका, पुलिस कर रही मामले की जांच
A suspicious, blood-soaked body was found in Indira Market, with head injuries and suspicion of murder. Police are investigating the case.
दुर्ग : दुर्ग शहर के इंदिरा मार्केट में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सुबह करीब 6 बजे एक व्यक्ति की खून से सनी लाश सड़क किनारे पड़ी मिली. सुबह करीब 5 बजे स्थानीय लोगों ने जब शव देखा तो तत्काल पुलिस को खबर दी. मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरु की. मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. जिससे प्रारंभिक रूप से यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से सबूत इकठ्ठा किया.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक नरेश ठाकुर उम्र 40 साल निवासी राजीव नगर, दुर्ग, इंदिरा मार्केट सब्जी मंडी में मजदूरी करता था और अक्सर रात में वहीं सो जाया करता था. उसके माता-पिता का निधन हो चुका है. और भाई अलग परिवार के साथ रहता है. नरेश को मिर्गी की बीमारी थी और वह नशे का भी आदी था. शुरुआती जांच में पुलिस को यह हादसे से हुई मौत मालुम हो रही है. लेकिन सिर पर गहरी चोटों और आसपास खून के निशानों के चलते कत्ल की भी आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है.
घटना के बाद इंदिरा मार्केट में कारोबारियों और स्थानीय निवासियों के बीच दहशत का माहौल है. लोग इस बात को लेकर चर्चा कर रहे हैं कि क्या यह किसी झगड़े का नतीजा है या फिर हादसे में मौत हुई है. पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है.
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण साफ हो सकेगा. इस बीच पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है. ताकि घटना के समय की कोई साफ जानकारी मिल सके. वहीं स्थानीय लोगों से भी पूछताछ जारी है. ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक आखिरी बार किसके साथ या कहां देखा गया था.
थाना प्रभारी तापेश नेताम ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि फिलहाल यह साफ नहीं है कि यह हादसा है या किसी आपसी विवाद का नतीजा.. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



