प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में करंट से 15 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत, लोहे का दरवाजा खोलते ही लगा झटका, स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप, जांच की मांग

15-year-old student dies tragically from electric shock at a private school hostel; he was shocked upon opening an iron gate. School management accused of negligence; probe demanded.

प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में करंट से 15 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत, लोहे का दरवाजा खोलते ही लगा झटका, स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप, जांच की मांग

सरगुजा : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में करंट लगने से 15 साल के छात्र की दर्दनाक मौत हो गई. छात्र हॉस्टल के कमरे का लोहे का दरवाजा खोल रहा था. तभी वह करंट की चपेट में आकर बेहोश हो गया. दुसरे छात्रों ने उसे बेहोश देखकर शोर मचाया. इसके बाद उसे देर रात अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है.
मिली जानकारी के मताबिक घटना सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सूर स्थित मेमोरियल स्कूल के हॉस्टल की है. मृतक छात्र की पहचान आशुतोष उम्र 15 साल के रूप में हुई है. वह जशपुर जिले के ग्राम तमता का रहने वाला था और मेमोरियल स्कूल में आठवीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था. आशुतोष स्कूल द्वारा संचालित हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था.
लोहे का दरवाजा खोलते ही लगा करंट
बताया जा रहा है कि शनिवार रात आशुतोष ने हॉस्टल के कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की. इसी दौरान उसे बिजली का तेज झटका लगा और वह बेहोश होकर गिर पड़ा. कमरे का दरवाजा लोहे का था और उसमें करंट प्रवाहित हो रहा था. छात्र को बेहोश देखकर हॉस्टल में मौजूद अन्य विद्यार्थियों ने शोर मचाया. इसके बाद आशुतोष को देर रात अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
माता-पिता का इकलौता बेटा था आशुतोष
आशुतोष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. उसके पिता विकास पेशे से शिक्षक हैं. परिजनों के मुताबिक आशुतोष पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी होनहार था. हादसे की खबर मिलने पर उसके माता-पिता अस्पताल पहुंचे. बेटे का शव देखकर दोनों बिलख पड़े. इस हादसे से परिवार में मातम छा गया है.
स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
मृतक छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि हॉस्टल में सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी की वजह से यह हादसा हुआ. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. पुलिस ने छात्र के शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है.
सीतापुर थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि हॉस्टल में रहने वाले छात्र की मौत करंट लगने से होने की जानकारी मिली है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल यह साफ नहीं हुआ है कि लोहे के दरवाजे में करंट कैसे पहुंचा. परिजनों की तरफ से लगाए गए लापरवाही के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb