सहारा देने के नाम पर धोखा, भिक्षुक महिला को 2 दिन बंधक बनाकर सामूहिक बलात्कार, जबरन पिलाई शराब, राजकुमार और छतराम गिरफ्तार
Betrayal under the guise of offering help: a female beggar was held captive for two days and gang-raped after being forced to consume alcohol; Rajkumar and Chhatram have been arrested.
सक्ती : सक्ती जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र में एक भिक्षुक महिला से कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक जैजैपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव की पीड़िता भिक्षुक महिला आजीविका के लिए क्षेत्र में घूमकर भिक्षा मांगकर जीवनयापन करती है. इसी दौरान उसे दो लोगों ने मदद करने का झांसा देकर अपने घर बुलाया और वहां उसे बंधक बनाकर रखा. शिकायत में यह भी कहा गया कि उसे दो दिनों तक एक स्थान पर रोके रखा गया.
इस दौरान उसके साथ जबरन आपराधिक कृत्य किया गया. पीड़िता का आरोप है कि इस पूरी घटना में राजकुमार कंवर और छतराम कंवर नामक दो व्यक्तियों की भूमिका रही है। शिकायत के अनुसार, दोनों आरोपियों ने उसे घर के अंदर बंद रखकर उसकी स्वतंत्रता बाधित की और उसके साथ आपराधिक कृत्य किया. घटना के बाद पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर जैजैपुर थाना पहुंची और पुलिस को पूरी जानकारी दी.
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जुर्म दर्ज किया और दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की. पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद दोनों को अदालत में पेश किया. जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत जुर्म दर्ज किया गया. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आगे की जांच शुरू कर दी है. पीड़िता के बयान, घटनास्थल के हालात और दुसरे सबूतों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है. स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर लोगों में नाराजगी और चिंता का माहौल है.
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं. साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि आरोपियों का कोई आपराधिक इतिहास रहा है या नहीं. फिलहाल दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और आगे की पूछताछ और जांच प्रक्रिया जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



