महिला को ब्लैकमेल कर उगाही मामला: भूपेश बघेल को बदनाम करने वाले दो यूट्यूबर सागर साहू और पुष्पराज सिंह के खिलाफ फिर FIR दर्ज

Case of extortion by blackmailing a woman: Fresh FIR registered against two YouTubers, Sagar Sahu and Pushpraj Singh, for defaming Bhupesh Baghel.

महिला को ब्लैकमेल कर उगाही मामला: भूपेश बघेल को बदनाम करने वाले दो यूट्यूबर सागर साहू और पुष्पराज सिंह के खिलाफ फिर FIR दर्ज

दुर्ग : पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े कथित इंस्टाग्राम चैट विवाद में फंसे दो यूट्यूबर्स सागर साहू और पुष्पराज सिंह की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं. पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर उनके खिलाफ ब्लैकमेलिंग और उगाही के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2) के तहत दूसरी एफआईआर दर्ज की है.
मिली जानकारी के मुताबिक उमदा निवासी नेहा मिश्रा ने 25 जून को पुरानी भिलाई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। नेहा पिछले पांच साल से ग्राम उमदा में ग्राहक सेवा केंद्र चलाती हैं. शिकायत में बताया गया कि कुछ समय पहले सागर साहू अपने साथी पुष्पराज सिंह के साथ आधार कार्ड की फोटोकॉपी कराने के बहाने उनके कार्यालय पहुंचे थे. आरोप है कि उन्होंने बातचीत को तोड़-मरोड़कर वीडियो तैयार किया और उसे समाचार के रुप में वायरल करने की प्लानिंग की.
महिला ने आरोप लगाया है कि 3 जून को वीडियो हटाने के बदले उनसे 50 हजार रुपए की मांग की गई. बदनामी के डर से नेहा ने अपनी जमा पूंजी से 35 हजार रुपए आरोपियों को दिया. रकम मिलने के बाद वीडियो हटा दिया गया. हालांकि बाद में आरोपियों ने उनसे फिर दो लाख रुपए की मांग की. पैसे न देने पर महिला को बदनाम करने और नए वीडियो जारी करने की धमकी दी गई. दो लाख रुपए न देने पर आरोपियों ने तीन से ज्यादा अलग-अलग वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. इससे महिला की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा और उन्हें अपने ग्राहक सेवा केंद्र जाने में भी शर्मिंदगी महसूस हो रही है.
महिला ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए. ताकि भविष्य में किसी अन्य महिला को इस तरह की कथित साजिश का शिकार न होना पड़े.
पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद शुरुआती तौर पर मामला दर्ज किया है. पुलिस ने सागर साहू और पुष्पराज सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बता दें कि बीते दिनों इंस्टाग्राम पर पूर्व मुख्यमंत्री से जुड़ी एक कथित फोटोशॉप चैट साझा की गई थी. जिस पर भूपेश बघेल ने कड़ी आपत्ति जताई थी. इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुरानी भिलाई थाने का घेराव करते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और फ़ौरन गिरफ्तारी की मांग की थी.
कार्रवाई में देरी से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता थाने परिसर में धरने पर भी बैठ गए थे. जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरु की और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) के तहत मामला दर्ज किया. जांच के बाद पुलिस ने सागर साहू और पुष्पराज सिंह को गिरफ्तार किया था.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t