खेलते-खेलते बच्चे हो गए गायब, कुएं से मिली दो मासूम भाई-बहन की लाश, कपड़े से बंधा मिला मुंह, मर्डर की आशंका, गांव में दहशत का माहौल
Children disappear while playing; bodies of two innocent siblings found in a well, mouths tied with cloth, suspicion of murder; panic grips the village.
खैरागढ़ : छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में रविवार शाम दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. गांव के एक कुएं से दो मासूम भाई-बहन के शव बरामद हुए. जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया. तीन वर्षीय करण वर्मा और डेढ़ वर्षीय उसकी बहन को जब मृत हालत में कुएं से बाहर निकाला गया. तो पूरे गांव में चीख-पुकार सुनाई देने लगी और हर कोई इस दर्दनाक दृश्य को देखकर सन्न रह गया. यह खौफनाक घटना छुईखदान थाना क्षेत्र के ग्राम झुरानदी की है.
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की दोपहर से दोनों बच्चे घर से लापता थे. परिजनों ने आसपास और गांव में काफी खोजबीन की. लेकिन बच्चों का कहीं पता नहीं चला. देर शाम ग्रामीणों ने गांव के पास बने एक पुराने कुएं से बदबू आने और कुछ संदिग्ध चीज दिखाई देने की खबर पुलिस को दी.
खबर मिलते ही छुईखदान थाना प्रभारी शक्ति सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कई घंटों की मशक्कत के बाद दोनों मासूमों के शवों को कुएं से बाहर निकाला गया. घटना स्थल का दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए. दोनों बच्चों के मुंह कपड़े से बंधे हुए थे. जिससे पुलिस को शक है कि यह हत्या का मामला है.
पोस्टमॉर्टम के लिए दोनों शवों को छुईखदान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है. अस्पताल में भी भारी भीड़ जमा हो गई. जहां हर कोई इस अमानवीय घटना पर आक्रोश व्यक्त कर रहा है.
प्राथमिक जांच में सामने आया कि दोनों बच्चों की निर्मम हत्या की गई है. उनके मुंह कपड़े से बंधे मिले. जिससे पुलिस का शक गहराता जा रहा है कि यह पूरी तरह से पूर्व नियोजित और सोची-समझी वारदात है. बच्चों के पिता गजानंद वर्मा और मां मनीषा का रो-रोकर बुरा हाल है. घर का हर सदस्य सदमे में है और गांव का माहौल शोक और खामोशी में डूब गया है.
थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि घटना बेहद संवेदनशील है और पुलिस सभी कोणों से जांच कर रही है। हत्या के पीछे किसी पारिवारिक विवाद, रंजिश या किसी अन्य वजह की भी पड़ताल की जा रही है. आसपास के गांवों में घेराबंदी बढ़ा दी गई है और संदिग्धों से पूछताछ तेज कर दी गई है.
ग्राम झुरानदी में इस हृदयविदारक घटना के बाद भय और गुस्से का माहौल है. मासूमों की हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है. पुलिस पर दबाव बढ़ गया है कि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर इस निर्मम वारदात की सच्चाई सामने लाई जाए. मासूमों की हत्या ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर हमारे समाज में निर्दोष बच्चों की सुरक्षा कितनी कमजोर हो चुकी है. पुलिस अब इस मामले को सुलझाने और हत्यारे को पकड़ने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



