धमतरी पुलिस का ‘ऑपरेशन निश्चय’ प्रहार: नाका पर नाकेबंदी कर 65.83 लाख का गांजा व दो कारें जब्त, महाराष्ट्र के 5 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
Dhamtari Police’s ‘Operation Nishchay’ strikes: Cannabis worth ₹65.83 lakh and two cars seized at a checkpoint; 5 interstate smugglers from Maharashtra arrested.
धमतरी/मगरलोड : धमतरी जिले में नशे के अवैध कारोबार और अंतर्राज्यीय तस्करी की कमर तोड़ने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत धमतरी पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है. सायबर थाना और थाना अर्जुनी की संयुक्त टीम ने श्यामतराई नाका पर सटीक घेराबंदी करते हुए महाराष्ट्र के पांच अंतर्राज्यीय तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 131.668 किलोग्राम गांजा, तस्करी में इस्तेमाल दो कारें और पांच मोबाइल फोन समेत कुल 72,45,400 रुपये का मशरूका जब्त किया है.
मुखबिर की खबर पर श्यामतराई नाका में बिछाया जाल
एसपी श्रीमती भावना पांडेय के सख्त निर्देशन में पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में 15 नवंबर को पुलिस को पुख्ता खबर मिली कि उड़ीसा के जयपुर क्षेत्र से चारामा होते हुए महाराष्ट्र की तरफ दो वाहनों—टाटा नैनो (CG07 MA 4067) और स्विफ्ट डिजायर (MH04 GD 7906) में सवार होकर कुछ तस्कर भारी तादाद में गांजे का परिवहन कर रहे हैं. खबर मिलते ही सायबर और अर्जुनी पुलिस की संयुक्त टीम हरकत में आई और श्यामतराई नाका पर नाकेबंदी कर दोनों संदिग्ध कारों को रोक लिया.
बोरियों में छिपाकर ले जा रहे थे 65 लाख से ज्यादा का गांजा
तलाशी लेने पर दोनों कारों में खाद की बोरियों के अंदर छिपाकर रखा गया 131.668 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ. जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 65,83,400 रुपये है. इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल हो रही स्विफ्ट डिजायर कार (कीमत 5 लाख रुपये), टाटा नैनो कार (कीमत 50 हजार रुपये) और 1,12,000 रुपये कीमत के 5 मोबाइल फोन भी मौके पर विधिवत जब्त किए गए.
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, नेटवर्क की जांच तेज
पुलिस की गिरफ्त में आए सभी 5 आरोपी महाराष्ट्र राज्य के निवासी हैं, धमतरी पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब इस बात की गहन तफ्तीश कर रही है कि उड़ीसा में यह खेप किसने सप्लाई की थी और महाराष्ट्र में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था.
गिरफ्तार किए गए महाराष्ट्र के सभी 5 आरोपी
1. कुंदन उर्फ सचिन कैलाश ईगेडे उम्र 27 साल निवासी मलकापुर वागुढ़, जिला बुलढाना (महाराष्ट्र)
2. रामेश्वर सालिक राम दांडगे उम्र 31 साल निवासी संभाजीनगर हाईवे रोड, जलगांव (महाराष्ट्र)
3. राबिनसन लॉरेंस फर्नांडिस उम्र 32 साल निवासी वेललाडे, जलगांव (महाराष्ट्र)
4. लखन गुलाब बेलदार उम्र 34 साल निवासी वेललाडे, जलगांव (महाराष्ट्र)
5. गणेश विजय पाटिल उम्र 29 साल निवासी वेललाडे, जलगांव (महाराष्ट्र)
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



