अवैध कारोबारियों पर प्रशासन का शिकंजा, ड्राइवर के घर में मिला 147 बोरा धान, गोदाम से 310 कट्टा बरामद, समर्थन मूल्य पर खपाने की आशंका
Administration cracks down on illegal traders; 147 sacks of paddy found at a driver's home and 310 sacks recovered from a warehouse—suspected to be intended for sale at the Minimum Support Price (MSP).
धमतरी : समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध धान के भंडारण और उसे खरीदी केंद्रों में खपाने की कोशिशों पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरु कर दिया है. किसानों के हक पर सेंधमारी करने वालों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई से अवैध धान कारोबारियों में हड़कंप मच गया. रविवार को राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 457 बोरा-कट्टा धान जब्त किया.
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत पहली कार्रवाई ग्राम घुटकेल में की गई. अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मनोज मरकाम के मार्गदर्शन में पहुंची संयुक्त टीम ने जांच के दौरान संतोष खंडेलवाल द्वारा अपने ड्राइवर के घर में रखवाए गए धान का पता लगाया
शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि इस धान को समर्थन मूल्य पर खरीदी के दौरान उपार्जन केंद्र में खपाने की तैयारी थी. मौके पर भंडारित धान के वैध दस्तावेज पेश नहीं किए जाने पर टीम ने 147 बोरा धान जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया.
उमरगांव में गोदाम खंगाला, 310 कट्टा धान जब्त
दूसरी कार्रवाई ग्राम उमरगांव में की गई. जहां तोषण कुमार साहू के गोदाम की जांच के दौरान 310 कट्टा धान बरामद हुआ। भंडारण से संबंधित जरुरी दस्तावेजों की जांच के बाद प्रशासनिक टीम ने धान जब्त कर लिया.
दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई ने धान खरीदी के नाम पर अवैध संग्रहण और संभावित खपाने की कोशिशों को लेकर प्रशासन की गंभीरता साफ कर दी है. खास बात यह है कि खरीदी शुरू होते ही संदिग्ध भंडारण स्थलों पर निगरानी तेज कर दी गई है. प्रशासन ने उपार्जन केंद्रों के साथ गोदामों, सीमावर्ती इलाकों और संदिग्ध भंडारण स्थलों पर भी निगरानी बढ़ा दी है.
किसानों के हक पर डाका डालने की कोशिश बर्दाश्त नहीं
राजस्व, खाद्य, सहकारिता और मंडी विभाग को आपसी समन्वय के साथ जांच करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध धान के भंडारण, परिवहन अथवा उपार्जन केंद्रों में खपाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



