जिला अधिवक्ता संघ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए सीएम, नये सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा. शिक्षक दिवस पर दी शुभकामनाएं

CM attended the swearing-in ceremony of District Advocates Association announced construction of new community hall Best wishes on Teachers Day

जिला अधिवक्ता संघ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए सीएम, नये सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा. शिक्षक दिवस पर दी शुभकामनाएं

सीएम साय ने शिक्षक दिवस पर दी शुभकामनाएं

रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस के मौके पर सभी शिक्षकों और प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी. मुख्यमंत्री ने अपने बधाई संदेश में कहा कि पूर्व राष्ट्रपति भारतरत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन को हम शिक्षक दिवस के रूप में मनाते हैं. डॉ. राधाकृष्णन दार्शनिक और शिक्षक भी रहे हैं. देश को शिक्षा के क्षेत्र में आगे ले जाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक, शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की क्षमता रखते हैं. वे उच्च नैतिक मूल्यों को विद्यार्थियों के जीवन में उतारकर अच्छा नागरिक तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. आशा है कि डॉ. राधाकृष्णन के पदचिन्हों पर चलते हुए देश और समाज को सकारात्मक दिशा देने में आगे भी शिक्षकगण महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का गुरुवार को होने वाला जनदर्शन इस गुरुवार 5 सितंबर को फिर से स्थगित कर दिया गया है.

जिला अधिवक्ता संघ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नये सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा

बिलासपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जिला अधिवक्ता संघ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए. उन्होंने संघ के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई. मुख्यमंत्री ने संघ की मांग पर जिला न्यायालय परिसर में नये सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा की. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दाऊराम चंद्रवंशी ने की. अति विशिष्ट अतिथि के रुप में उप मुख्यमंत्री अरूण साव मौजूद थे.
इस मौके पर विशेष अतिथि के रुप में महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन भारत, विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, दिलीप लहरिया, अटल श्रीवास्तव सुशांत शुक्ला, महापौर रामशरण यादव, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीता यादव, संरक्षक अधिवक्ता संघ एसके सिन्हा एवं प्रतिनिधि भारतीय विधिज्ञ परिषद शैलेन्द्र दुबे मौजूद थे.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिला अधिवक्ता संघ के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि एक हफ्ते में दूसरी बार न्यायधानी बिलासपुर आने का मौका लगा है. उन्होंने कहा कि बिलासपुर का जिला अधिवक्ता संघ प्रदेश के अधिवक्तओं का सबसे पुराना संगठन है. फिलहाल साढ़े 3 हजार विद्वान अधिवक्ता इस संघ से जुड़े है.
उन्होंने कहा कि इस संस्था का ऐतिहासिक महत्व रहा है. इनके सदस्यों ने आजादी की लड़ाई में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया. यही नहीं बल्कि बड़े-बड़े राजनेता और न्यायविद इस संगठन ने पैदा किये हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिवक्ताओं के सामने कई समस्याएं मौजूद हैं. लेकिन उन्होंने इनकी परवाह किये बिना लोगों को न्याय दिलाने में महती भूमिका अदा कर रहे हैं. गरीबी अमीरी का भेदभाव किये बिना सभी को समभाव से न्याय दिलाने में जिला अधिवक्ता संघ ने मिसाल पेश की है.
मुख्यमंत्री ने संघ की मांग पर राजस्व मण्डल एवं स्थायी लोक अदालत में सदस्यों की नियुक्ति जल्द करने का आश्वासन भी दिया. उन्होंने तीजा एवं गणेश चतुर्थी महापर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी.
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दाऊराम चंद्रवंशी ने स्वागत भाषण दिया. उन्होंने अधिवक्ताओं की दिक्क्तों का उल्लेख करते हुए इनका समाधान करने का अनुरोध मुख्यमंत्री से किया. इस मौके पर कलेक्टर अवनीश शरण, एसपी रजनेश सिंह सहित न्यायाधीश गण, अधिवक्ता एवं शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी तादाद में मौजूद थे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb

जल्द शुरु होगा लिवर और किडनी ट्रांसप्लांट मुख्यमंत्री ने दी हरी झंडी

रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुसार छत्तीसगढ़ बहुत जल्द स्वास्थ्य के मामलों में वैश्विक सुविधाएं देने वाला राज्य बनने वाला है. इनमें ऑर्गन ट्रांसप्लांट और बायपास हार्ट सर्जरी जैसी सुविधाएं शामिल होंगी.
राज्यभर में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए अब राजधानी के डीकेएस अस्पताल में लिवर और किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा जल्द शुरु की जाएगी. डीकेएस में पहले ही अत्याधुनिक आईसीयू तैयार किया जा चुका है और लिवर तथा किडनी ट्रांसप्लांट के उपकरणों के लिए 6 करोड़ रुपए भी स्वीकृत किए गए हैं.
यह सुविधा राजधानी के मरीजों के साथ-साथ आस-पास के राज्यों से आने वाले मरीजों को भी लाभान्वित करेगी. प्रदेश के 6 जिलों में अत्याधुनिक मॉडल अस्पताल बनाए जाएंगे. जिनमें सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध होगी.
अंबेडकर अस्पताल में आईवीएफ सेंटर भी स्थापित करने पर विचार किया जा रहा है. इस बारे में रुकी हुई डीपीआर का निर्माण शीघ्र ही शुरु किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अंबेडकर अस्पताल में आधुनिक पोस्टमार्टम हाउस भी बनाया जाएगा. जिसमें नए उपकरणों के साथ-साथ विशेषज्ञ स्टाफ भी तैनात किया जाएगा.
अंबेडकर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए नई वर्चुअल मशीन स्थापित की जा रही है. यह मशीन देश में सबसे आधुनिक तकनीक से युक्त होगी और इससे पोस्टमार्टम के कार्यों में तेजी आएगी. इसके साथ ही यह सुविधा राजधानी के लोगों के लिए अत्यधिक सहायक सिद्ध होगी.
सरकारी अस्पतालों में नई सेवाओं की तादाद बढ़ाई जाएगी. इसमें दूरस्थ परामर्श, अत्याधुनिक उपकरणों का उपयोग एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी. इससे राज्य के सभी नागरिकों को अत्याधुनिक एवं उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं प्राप्त होगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb