जिले में खाद के लिए किसान बेहद परेशान, विधायक जनक ध्रुव- किसानों के साथ सड़क की लड़ाई लड़ेंगे, MLA ने खेतों में पहुंचकर किसानों से की चर्चा
Farmers in the district are very upset for fertilizers, MLA Janak Dhruv- will fight a street battle with the farmers, MLA reached the fields and discussed with the farmers
गरियाबंद/मैनपुर : गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र के किसान खाद की कमी के चलते गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं. इन दोनों रोपा बियासी का काम चल रहा है और किसानों को खाद की बहुत सख्त जरुरत है. लेकिन सहकारी समिति में खाद नहीं पहुंच रहा है. मजबूरन किसान ऊंचे दामों पर निजी दुकानों से खाद खरीदने मजबूर हो रहे हैं. MLA जनक ध्रुव ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया की सरकार किसानों को खाद उपलब्ध नहीं कर पा रही है। निजी दुकानों में पर्याप्त खाद मिल रहा है. निजी दुकानों से ज्यादा कीमत पर किसान खाद लेने मजबूर हो रहे हैं. इस समस्या को लेकर सड़क की लड़ाई लड़ेंगे.
गरियाबंद जिले का मैनपुर क्षेत्र इन दिनों रोपा-बियासी की जगह सड़क-बियासी का केंद्र बनता जा रहा है. खेतों में धान कम, ग़ुस्सा ज़्यादा उग रहा है. कारण? खाद की जबरदस्त किल्लत! किसान जैसे ही सुनते हैं सहकारी समिति में खाद आया है वैसे ही टूट पड़ते हैं. जैसे लॉटरी लगी हो.. लेकिन अफसोस, ट्रक आता है खाद नहीं.. किसान लौटते हैं खाली बोरी लेकर और भरकर ले जाते हैं सिर्फ ग़ुस्सा..
जैसे ही किसानों ने अपने जनसेवक विधायक जनक ध्रुव को फोन मिलाया. वैसे ही उनका मूड MLA मोड में शिफ्ट हो गया. जनक ध्रुव सीधे मैनपुर की सहकारी समिति पहुंचे. अफसरों को फोन पर पकड़ा और साफ चेतावनी दे दी दो दिन में खाद पहुंचाओ वरना आंदोलन की फसल काटनी पड़ेगी!
पत्रकारों से बातचीत में विधायक बोले- किसानों को सरकार सिर्फ चुनाव के वक्त याद करती है. अब खेती चल रही है. लेकिन खाद नहीं है. किसान मजबूरन प्राइवेट दुकानों से महंगे दामों पर खाद ले रहे हैं. जनक ध्रुव ने साफ कर दिया है खेती की लड़ाई अब खेत तक सीमित नहीं रहेगी. सड़क पर उतरेगी. किसान कह रहे हैं खाद नहीं मिला.. तो हम MLA के साथ मिलकर रास्ता रोकेंगे.. ताकि सरकार को रास्ता सूझे.
गरियाबंद में इस बार धान के साथ-साथ लोकतंत्र भी पक रहा है. फर्क बस इतना है धान के लिए खाद चाहिए और लोकतंत्र के लिए जवाबदेही.. अब देखना यह है कि राज्य सरकार पहले खाद भेजती है या आंदोलन को न्योता देती है?
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



