जंगल में मिले अज्ञात युवक के शव की सुलझी गुत्थी, मोबाइल विवाद में 1000 रुपये के लिए युवक को बेरहमी से उतारा मौत के घाट, आरोपी कृष्णा गिरफ्तार
Mystery of unidentified youth's body found in the forest solved; youth brutally killed over a mobile dispute involving ₹1,000; accused Krishna arrested.
जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर में बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम जुरगुम में मिले अज्ञात युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. जांच में पुलिस ने विमड़ा निवासी राजेश दास की हत्या के आरोप में कृष्णा उर्फ कैलाश यादव उम्र 30 साल को गिरफ्तार किया है. मोबाइल फोन के बकाया 1,000 रुपये को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने लकड़ी के फाड़े से राजेश के सिर पर वार किया था.
जंगल क्षेत्र में मिला था अज्ञात युवक का शव
मिली जानकारी के मुताबिक 23 सितंबर को ग्राम जुरगुम-तुर्रापानी के जंगल इलाके में रपटा पुलिया के पास टेकरी के पीछे एक युवक का शव पड़ा होने की खबर मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर जांच शुरू की. मृतक के सिर के पीछे चोट के निशान और खून मिला था.
चेहरा बाद में जंगली जानवर द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की वजह से मृतक की पहचान फौरन नहीं हो सकी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने मौत को हत्यात्मक बताया. इसके बाद बगीचा थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई.
पूछताछ और तकनीकी सबूतों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों, मृतक के परिजनों और उसके परिचितों से पूछताछ की. तकनीकी और दुसरे सबूतों के आधार पर पुलिस का शक ग्राम झगरपुर निवासी कृष्णा उर्फ कैलाश यादव पर गया.
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि राजेश दास से मोबाइल फोन के बकाया 1,000 रुपये को लेकर उसका विवाद चल रहा था. 23 सितंबर को दोनों एक अन्य लोगों के साथ अलग-अलग जगह गए थे. बाद में उस युवक को रास्ते में उतारकर आरोपी और राजेश कार से जुरगुम रपटा पुलिया की तरफ चले गए.
कार से उतरने के बाद सिर पर किए वार
पुलिस के मुताबिक, जुरगुम के पास बकाया रकम को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ. इसी दौरान आरोपी ने राजेश को कार से नीचे उतारा और जमीन पर पड़े लकड़ी के फाड़े से उसके सिर पर दो बार वार किया. चोट लगने के बाद राजेश जमीन पर गिर पड़ा. आरोपी ने शव को उठाकर टेकरी के पीछे फेंक दिया.
हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी ने वारदात के बाद सबूत छिपाने का प्रयास भी किया. आरोपी ने घटना में इस्तेमाल लकड़ी के फाड़े और मृतक के मोबाइल को मैनी नदी में फेंक दिया. वहीं वारदात के समय पहने कपड़ों को डोड़की नदी में फेंकने की बात भी पुलिस को बताई.
आरोपी ने अपनी लाल रंग की स्विफ्ट कार को भी धोकर संभावित सबूतों को मिटाने का प्रयास किया था. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कार को उसके घर से बरामद कर लिया है.
हत्या के साथ सबूत मिटाने की धारा भी जोड़ी
आरोपी के खिलाफ पुख्ता सबूत मिलने और उसके द्वारा जुर्म कबूल किए जाने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. मामले में हत्या की धारा 103(1) BNS के साथ सबूत खम करने के आरोप में धारा 238 BNS भी जोड़ी गई है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



