जनपद उपाध्यक्ष समेत कई लोगों पर पति ने पत्नी के साथ बलात्कार कर हत्या का जताया शक, पुलिस पर आरोपी को बचाने का आरोप, SP से लगाई इंसाफ की गुहार
The husband suspects several people, including the district vice president, of raping and murdering his wife. He accuses the police of protecting the accused and appeals to the SP for justice.
कोरबा : जनपद उपाध्यक्ष सहित अन्य पर एक ग्रामीण ने पत्नी के साथ अनाचार कर हत्या का गंभीर आरोप लगाया. पूर्व में की गई शिकायत के बाद सिर्फ एक आरोपी पर कार्रवाई की जा रही है. अन्य आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने से क्षुब्ध ग्रामीण ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत की है. प्रकाश चंद जाखड़ वर्तमान में पोड़ी उपरोड़ा जनपद उपाध्यक्ष हैं. प्रकाश चंद जाखड़ पूर्व में भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारी रह चुके हैं. जिन पर यह गंभीर आरोप लगा है. मामले की शिकायत गनपत सिंह मरकाम पिता गोपाल सिंह मरकाम निवासी ग्राम कुम्हारीसानी थाना पसान ने की है.
गनपत सिंह मरकाम का आरोप है कि उसके चाचा इतवार सिंह निवासी ग्राम सिर्री थाना पसान की मौत हो जाने से उनका दशगात्र कार्यक्रम 21 फरवरी को ग्राम सिर्री में होना था. जहां उसकी पत्नी जयकुंवर भाभी लीलावती के साथ शामिल होने गई थी. वहां से भाभी लीलवती अपने मायके ग्राम अमलीबहरा चली गई. 24 फरवरी को जब भाभी घर वापस आई तो उससे पूछने पर पता चला कि 22 फरवरी को जयकुंवर अपने घर कुम्हारीसानी आने के लिये सिर्री से निकली थी. लेकिन 24 फरवरी तक घर वापस नहीं पहुंची.
उसके बाद उसने अपनी पत्नी जयकुंवर को जगह-जगह खोजा. लेकिन नहीं मिली. 26 फरवरी को थाना पसान एवं मीडिया के जरिए जानकारी मिली कि सुखरी तालाब रानी सागर पसान के पास किसी महिला की लाश पड़ी हुई है. जाकर देखने पर पता चला कि उक्त लाश उसकी पत्नी जय कुंवर की है.
शव के पोस्टमार्टम के बाद अंतिम क्रिया के पहले शव को नहलाते समय देखा कि शव के पेशाब के रास्ते और गुप्तांग के बगल पर काफी मात्रा में खून लगा हुआ है. जिससे उसे शक हुआ कि उसकी पत्नी के साथ बलात्कार कर उसकी हत्या कर दी गई है.
गांव में ही उसे ये जानकारी मिली थी उसकी पत्नी प्रकाश चंद जाखड़ के घर के पास उतरी थी और सुखदेव सिंह करियाम मोटरसायकल से रेकी कर रहा था. तब उनके द्वारा प्रकाशचंद्र जाखड़ के घर के बाहर लगे हुए सी.सी. कैमरे को देखने के लिए उससे कहा गया. तब उसके द्वारा गाली गलौच करते हुए उन लोगों को वहां से भगा दिया. जिससे उन लोगों को शक हुआ कि उक्त अपराध में प्रकाशचंद्र जाखड़ भी मिला हुआ है. दुसरे सी. सी. कैमरे की रिकार्डिंग में सुखदेव करियाम अपनी मोटर सायकल में उसकी पत्नी को बैठाकर लेकर जा रहा है.
गनपत का आरोप है कि उन्हें यह भी जानकारी मिली कि सुखदेव सिंह के साथ पवन सिंह मरकाम, शंकर नेटी, प्रकाशचंद जाखड़, कपिल करियाम ने उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी है, लेकिन थाना पसान, पुलिस अधीक्षक कोरबा के सामने शिकायत किए जाने के बावजूद भी उक्त आरोपीगणों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही न कर सिर्फ सुखदेव करियाम को आरोपी दर्शाकर उसके खिलाफ कार्यवाही की जा रही है।
पीड़ित का कहना है कि प्रकाशचंद जाखड़ पसान का एक पैसे वाला रसूखदार व्यक्ति है. और उसकी पूर्व में भी कई आपराधिक गतिवधियों में संलिप्तता रही है. वह पूरे गांव वालों को डरा के रखता है और उसके खिलाफ शिकायत किये जाने से मेरे और उसके परिवार को जान का खतरा है.
पीड़ित का कहना है कि अगर इस बीच उसे या उसके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटनाकारित होती है तो उसकी समस्त जवाबदारी प्रकाशचंद्र जाखड़ एवं उनके सहयोगियों की होगी. पीड़ित ने शिकायत की जांच करा सभी आरोपीगणों के खिलाफ कानूनी कार्यवही करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाए जाने की मांग की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



