संदिग्ध हालत में खून से सना शव मिलने से गरियाबंद में मचा हड़कंप, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस, हत्या की आशंका
There was a stir in Gariaband due to the discovery of a blood-soaked body in suspicious condition, police engaged in solving the mystery of death, suspicion of murder
गरियाबंद : गरियाबंद जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के दर्रीपारा मोहल्ले में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक की खून से लथपथ लाश बरामद हुई. मृतक की पहचान 35 वर्षीय जयलाल निषाद के रुप में की गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक गरियाबंद जिले के दर्रीपारा गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने खून से लथपथ अवस्था में एक युवक का शव देखा. मृतक की पहचान जयलाल निषाद (उम्र लगभग 35 वर्ष) निवासी दर्रीपारा के रूप में हुई है. घटना की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने फौरन पुलिस को जानकारी दी.
मृतक के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं. प्रथम दृष्ट्या पुलिस इस मामले को हत्या मान रही है. घटना की खबर मिलते ही डीएसपी निशा सिन्हा और थाना प्रभारी ओमप्रकाश यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक का किसी से नशे की हालत में विवाद हुआ होगा. जो मारपीट में बदल गया और युवक की जान चली गई. फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर एंगल से जांच आगे बढ़ा रही है. हत्या के पीछे की असल वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा.
घटना के बाद पूरे दर्रीपारा और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है. ग्रामीण बड़ी तादाद में घटनास्थल पर जमा हो गए और प्रशासन से जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की.
गरियाबंद जिले में पिछले कुछ महीनों से आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि देखी जा रही है. दर्रीपारा में हुई इस सनसनीखेज हत्या से एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. पुलिस जल्द ही इस रहस्यमयी हत्या से पर्दा उठाने का दावा कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



