अवैध रेत भंडारण को लेकर बवाल, चक्काजाम के बाद सरपंच ने लगाया मारपीट का आरोप, जांच में जुटी पुलिस, दोहराया जाएगा कोरिया जैसा तिहरा हत्याकांड?
Uproar over illegal sand stockpiling; Sarpanch alleges assault following a road blockade; police investigating—will a triple murder like the Koriya incident be repeated?
आरंग : आरंग के ग्राम पंचायत कुटेला में रेत के अवैध भंडारण को लेकर गुरुवार को जमकर बवाल हुआ. प्रशासनिक अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने जहां एक तरफ आरंग-लवन मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया. वहीं दूसरी तरफ घटनाक्रम के बाद ग्राम की महिला सरपंच ने कुछ स्थानीय लोगों पर अपने और अपने पति के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
ग्राम कुटेला सरपंच कमलेश्वरी संतोष जलक्षत्री के मुताबिक ग्राम कुटेला में निस्तारी तालाब के पास रेत का अवैध भंडारण किया जा रहा है. जिससे स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इसकी शिकायत लगातार स्थानीय प्रशासन और सीएम हेल्पलाइन में की गई थी. लेकिन खनिज विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने आरंग-लवन मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया. चक्काजाम की वजह से मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. घटना की जानकारी मिलते ही आरंग पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को उचित वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन देकर चक्काजाम खत्म कराया.
सरपंच पक्ष का आरोप: चक्काजाम के बाद हुई मारपीट
विवाद तब और बढ़ गया जब चक्काजाम खत्म होने के बाद कुटेला की महिला सरपंच कमलेश्वरी संतोष जलक्षत्री और उनके पति संतोष जलक्षत्री आरंग थाना पहुंचे. सरपंच ने आरोप लगाया है कि चक्काजाम खत्म होने के बाद रेत भंडारण के कार्य से जुड़े कुछ लोगों ने उनके पति के साथ विवाद करते हुए मारपीट की। सरपंच का कहना है कि जब वे बीच-बचाव करने गईं तो उन्हें भी चोटें आईं. घटना के बाद सहमा हुआ सरपंच परिवार सुरक्षा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में मुस्तैद दिखा.
क्या यहां भी दोहराया जाएगा कोरिया जैसा तिहरा हत्याकांड?
आज हुए इस पूरे घटनाक्रम ने लल्लूराम डॉट कॉम की उस चेतावनी को सही साबित कर दिया. जिसमें प्रमुखता से बताया गया था कि आरंग क्षेत्र में आए दिन रेत को लेकर विवाद होते रहा है. माफियाओं के बीच जारी वर्चस्व की लड़ाई लगातार जारी है।आरंग क्षेत्र के लोग ग्राम कुटेला से लगे कुरूद में हुए सरेआम गोलीकांड को नहीं भूले है. प्रशासन अगर जल्द ही अवैध रेत के कारोबार पर अंकुश नहीं लगाएगा तो यहां भी कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र जैसा हत्याकांड होने की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता.
दोषियों के खिलाफ होगी वैधानिक कार्रवाई : थाना प्रभारी
इस पूरे मामले में आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू का कहना है कि ग्रामीणों को समझाने के बाद चक्काजाम खुलवा दिया गया था. बाद में सरपंच और उनके पति द्वारा मारपीट की शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और तथ्यों की निष्पक्षता से जांच कर रही है. जांच के आधार पर जो भी दोषी पाया जाएगा. उसके खिलाफ वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद है.
नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई : खनिज विभाग
वहीं खनिज विभाग के अधिकारियों का कहना है कि संबंधित स्थल पर रेत के भंडारण की वैधता की जांच की जा रही है. नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



