ठाकुर देवता स्थल की तरफ जसगीत गाने जा रही देवरानी-जेठानी को तेज रफ्तार बुलेट ने कुचला, मची अफरा-तफरी, दोनों महिलाओं की दर्दनाक मौत
A speeding Bullet motorcycle ran over two sisters-in-law who were on their way to sing 'jasgeet' (devotional songs) at a local deity shrine; the incident caused chaos, and both women met a tragic death.
कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. यहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई. जबकि कुछ अन्य लोग घायल हो गए. महिलाओं की एक टोली पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ ठाकुर देवता स्थल पर जसगीत गाने जा रही थी. इसी दौरान तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया और चल रहे धार्मिक कार्यक्रम को भी बंद करना पड़ा. यह हादसा दर्री थाना क्षेत्र के गोपालपुर मुख्य मार्ग में हुआ है.
जसगीत गाने जा रही थीं महिलाएं, रास्ते में हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 8 बजे महिलाओं की एक टोली मादर और ढोल लेकर ठाकुर देवता स्थल की तरफ जा रही थी. सभी महिलाएं धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर जसगीत गाने वाली थीं. इसी दौरान गोपालपुर मुख्य मार्ग पर अचानक तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल आ गई. बताया जा रहा है कि बुलेट नम्बर CG 12 AR 8993 का चालक वाहन की रफ्तार पर कंट्रोल नहीं रख पाया और सीधे महिलाओं की टोली को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई महिलाएं सड़क पर गिर गईं और गंभीर रुप से घायल हो गई.
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोग फौरन घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े. हादसे में महिलाओं के साथ बुलेट चालक भी घायल हो गया. खबर मिलने के बाद पुलिस और आपातकालीन सहायता टीम मौके पर पहुंची. घायलों को अस्पताल भिजवाया गया. जहां चिकित्सकों ने उनका चेक किया.
अस्पताल पहुंचते ही दो महिलाओं को मृत घोषित किया
अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया. मृत महिलाओं की पहचान गोपालपुर के ऊपरपारा निवासी वृंदा बाई महंत उम्र 53 साल और उनकी जेठानी शंकुतला बाई महंत उम्र 60 साल के रुप में हुई है. बताया गया है कि दोनों महिलाएं आपस में रिश्तेदार थीं. एक ही परिवार से जुड़ी दो महिलाओं की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. हादसे की जानकारी मिलने के बाद गांव के लोग भी स्तब्ध रह गए. हादसे में घायल बुलेट चालक की पहचान राहुल के रुप में हुई है. जिसका अस्पताल में इलाज जारी है. अन्य घायलों के बारे में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है.
हादसे के बाद बंद कराया गया जसगीत कार्यक्रम
इस दर्दनाक हादसे का असर गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम पर भी पड़ा. ठाकुर देवता स्थल पर जसगीत गायन की तैयारियां चल रही थीं. लेकिन दो महिलाओं की मौत की खबर मिलते ही कार्यक्रम रोक दिया गया. जिस गांव में कुछ देर पहले धार्मिक आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल था, वहां हादसे के बाद शोक छा गया। मृतकों के परिजनों और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बुलेट चालक के खिलाफ मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
दर्री थाना पुलिस ने हादसे के बारे में मिली शिकायत के आधार पर आरोपी बुलेट चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस हादसे की वजह और दुसरे हालात की जांच कर रही है. शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार और वाहन से कंट्रोल खोने की बात सामने आई है. हालांकि हादसे की असल वजह का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा. इस हादसे ने एक बार फिर मुख्य मार्गों पर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले हादसों और पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



