ट्रैक्टर की टक्कर से महिला की मौत पर जमकर बवाल, भड़के ग्रामीणों ने क्रेशर में लगाई आग, SDOP, TI और तहसीलदार को बनाया बंधक
A woman’s death after being struck by a tractor sparked a major uproar; enraged villagers set fire to a stone crusher unit and held the SDOP, the Station House Officer (TI), and the Tehsildar captive.
सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद भारी बवाल हुआ. ग्राम पंचायत कुबेरपुर में गिट्टी लोड ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार महिला चंद्रावती जायसवाल की मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया. हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. गुस्साए ग्रामीणों ने बस्ती से क्रशर को हटाने और मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया. प्रदर्शन के दौरान ट्रैक्टर और पाठक क्रशर में आग लगा दी. वहीं तहसीलदार, एसडीओपी और थाना प्रभारी को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया.
सिस्टम की लापरवाही और क्रेशर माफिया के बेलगाम आतंक के खिलाफ सूरजपुर के चांदनी बिहारपुर (कुबेरपुर) में भड़का जनाक्रोश अब पूरी तरह बेकाबू हो चुका है. गिट्टी लदे ट्रैक्टर से कुचलकर महिला की दर्दनाक मौत के बाद शुरू हुआ प्रदर्शन हिंसक रूप ले चुका है. आक्रोशित ग्रामीणों ने न सिर्फ अवैध क्रेशर को आग के हवाले कर खाक कर दिया. बल्कि मौके पर पहुंचे एसडीओपी, थाना प्रभारी (टीआई) और तहसीलदार को बंधक बनाकर उनकी कथित तौर पर पिटाई तक कर दी. पूरे इलाके में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया.
थाली में धरा रह गया पूजा का सामान, पहियों तले रौंदी गई जिंदगी
घटना की शुरुआत कुबेरपुर में उस वक्त हुई जब संजय जायसवाल की पत्नी चंद्रावती जायसवाल बिहारपुर चौक से पूजा का सामान लेकर अपनी स्कूटी से लौट रही थीं. गांव की घनी आबादी के बीच अवैध तरीके से संचालित क्रेशर से निकली गिट्टी लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी. ट्रैक्टर का पहिया महिला को कुचलता हुआ निकल गया. जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई. चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. जिसने ग्रामीणों के लंबे समय से सुलग रहे गुस्से में घी डालने का काम किया.
क्रेशर फूंका, शव रखकर अंतरराज्यीय मार्ग किया जाम
घटना के बाद 500 से ज्यादा ग्रामीणों ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया. सालों से बस्ती के बीच चल रहे क्रेशर की शिकायतें अनसुनी किए जाने से नाराज भीड़ का सब्र टूट गया. प्रदर्शनकारियों ने क्रेशर प्लांट पर धावा बोलकर उसे आग के हवाले कर दिया. जिससे पूरा संयंत्र जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गया.
अधिकारियों को बंधक बनाकर कथित तौर पर पीटा, स्थिति तनावपूर्ण
हालात बिगड़ने की सूचना पर जब एसडीओपी, संबंधित क्षेत्र के टीआई और तहसीलदार प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचे. तो भीड़ ने उन्हें घेर लिया. बातचीत से मामला सुलझने के बजाय और बिगड़ गया. उग्र भीड़ ने तीनों जिम्मेदार अधिकारियों को बंधक बना लिया और उनके साथ कथित तौर पर झूमाझटकी व मारपीट कर दी.
घंटों तक वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी ग्रामीणों के कब्जे में रहे. इलाके में तनाव चरम पर है और स्थानीय पुलिस बल स्थिति पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह लाचार नजर आया. अतिरिक्त पुलिस बल को मौके के लिए रवाना किया गया. लेकिन सड़क जाम और ग्रामीणों के उग्र तेवरों के चलते हालात बेहद नाजुक बने हुए हैं.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



