थाने में तोड़फोड़ और टीआई से बदसलूकी, वर्दी उतरवाने की धमकी के बाद फरार, साहू समाज ने पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन, बीजेपी नेता गिरफ्तार
Vandalism at the police station and misbehavior with the Station In-charge (TI)—including a threat to have his uniform stripped off—followed by the perpetrator's escape; the Sahu community has submitted a memorandum to the Police Commissioner, and a BJP leader has been arrested.
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुढ़ियारी थाने के भीतर घुसकर थाना प्रभारी से बदसलूकी, धमकी और सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़ करने के मामले में फरार चल रहे भाजपा युवा मोर्चा से जुड़े नेता शुभांकर द्विवेदी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी घटना के बाद से फरार था और गुढ़ियारी पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को गुढ़ियारी थाने लाया गया. जहां उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि फरारी के दौरान वह किन-किन स्थानों पर छिपा हुआ था और उसे किसने मदद की.
थाने के अंदर घुसकर TI से बदसलूकी का आरोप
मिली जानकारी के मुताबिक 15 सितंबर को गुढ़ियारी थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र साहू की शिकायत दर्ज कराइ कि दोपहर करीब 2:30 बजे शुभांकर द्विवेदी अपने साथियों के साथ थाने पहुंचा. आरोप है कि शुभांकर द्विवेदी, प्रकाश यादव, मुकुल वर्मा, सत्यम पाण्डेय और अन्य लोग थाना प्रभारी के कार्यालय में घुस गए. इसके बाद सभी लोग कार्यालय के फर्श पर बैठकर धरना देने लगे. उनकी मांग थी कि एक दिन पहले यानी 14 सितंबर को कोलाहल अधिनियम के तहत जब्त किए गए वाहन और साउंड सिस्टम को बिना कानूनी कार्रवाई के छोड़ दिया जाए.
जब्त वाहन छोड़ने से मना करने पर बढ़ा विवाद
थाना प्रभारी नरेंद्र साहू ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने आरोपियों को समझाया था कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई हो चुकी है. जब्त वाहन और साउंड सिस्टम को अदालत की प्रक्रिया के जरिए ही दिया जा सकता है. इसके बावजूद आरोपी अपनी मांग पर अड़े रहे. आरोप है कि जब पुलिस ने बिना कानूनी प्रक्रिया के सामान छोड़ने से इंकार किया तो शुभांकर द्विवेदी और उसके साथियों ने थाना प्रभारी और मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज शुरु कर दी.
गमला, पेन स्टैंड और टीवी तोड़ने का आरोप
टीआई की शिकायत के मुताबिक विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने कार्यालय में रखे सामान में तोड़फोड़ शुरू कर दिया. शुभांकर द्विवेदी पर आरोप है कि उसने मेज पर रखा गमला और पेन स्टैंड उठाकर फर्श पर पटक दिया. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे सरकारी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाने की समझाइश दी. इसके बावजूद सत्ता के नशे में चूर आरोपी ने कथित तौर पर मेज पर रखी नामपट्टिका उठाकर दीवार पर लगे टीवी पर दे मारी, जिससे टीवी क्षतिग्रस्त हो गया.
वर्दी उतरवाने और जान से मारने की धमकी का आरोप
थाना प्रभारी नरेंद्र साहू ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि शुभांकर द्विवेदी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की भी की. इतना ही नहीं, आरोपी पर टीआई को वर्दी उतरवाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है. शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने कार्यालय में इकठ्ठा होकर पुलिसकर्मियों की आवाजाही बाधित की. इसकी वजह से जब्त सामान से संबंधित दस्तावेज तैयार करने और प्रकरण न्यायालय में पेश करने के सरकारी काम में बाधा उत्पन्न हुई.
साहू समाज ने पुलिस कमिश्नर को सौंपा था ज्ञापन
गुढ़ियारी थाने में थाना प्रभारी नरेंद्र साहू के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटना को लेकर साहू समाज ने भी नाराजगी जताई थी. समाज के प्रतिनिधियों ने रायपुर पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर आरोपी शुभांकर द्विवेदी के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी. समाज ने पुलिस अधिकारी के साथ थाने के भीतर हुई कथित अभद्रता को गंभीर मामला बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई थी.
सात नामजद लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ अपराध
थाना प्रभारी की शिकायत पर पुलिस ने शुभांकर द्विवेदी सहित सात नामजद व्यक्तियों और अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया. आरोपियों में शुभांकर द्विवेदी, प्रकाश यादव, मुकुल वर्मा, सत्यम पाण्डेय, सोमेश पाल, जितेंद्र चंद्रवंशी और लालसिंह चौहान के नाम शामिल हैं. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351, 190, 191, 221, 224 और धारा 3 के संबंधित प्रावधानों के तहत जुर्म दर्ज किया.
डूमरतालाब स्थित घर पहुंची पुलिस
घटना के बाद शुभांकर द्विवेदी की तलाश में पुलिस ने डूमरतालाब स्थित उसके घर पर भी दबिश दी. उस दौरान आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया और मौके से निकल गया. इसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी. अब गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे फरारी के दौरान ठहरने के स्थानों और घटनाक्रम के बारे में पूछताछ कर रही है. गुढ़ियारी थाने में हुई इस घटना ने पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले को चर्चा में ला दिया था. फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



