जतमई धाम में नववर्ष पर दर्शनार्थियों को बनाया निशाना, गले से सोने की पत्ती झपटने वाली दो शातिर महिलाएं गिरफ्तार, जेल में कटेगा नया साल
Visitors were targeted at Jatmai Dham on New Year's Day; two vicious women who snatched gold leaf from their necks were arrested; they will spend the New Year in jail.
गरियाबंद : गरियाबंद पुलिस ने झपटमारी (चैन स्नेचिंग) के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है. यह कार्रवाई थाना छुरा पुलिस द्वारा की गई, जिसमें धार्मिक स्थल पर श्रद्धालु महिला को निशाना बनाकर की गई वारदात का त्वरित खुलासा किया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक 1 जनवरी 2026 को प्रार्थी अनुज कुमार मांझी निवासी काण्डेकेला, थाना अमलीपदर, अपनी मां श्रीमती लीलाबाई मांझी के साथ जतमई धाम दर्शन के लिए पहुंचे थे. दर्शन के दौरान दो अज्ञात महिलाओं ने मौका पाकर उनकी मां के गले में पहनी लाल रंग की क्रिस्टल मोती माला में लगी तीन नग सोने की पत्ती (कीमत करीब 35 हजार रुपये) झपट लिया और फरार हो गईं.
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना छुरा में अपराध क्रमांक 01/2026 धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई.
मुखबिर तंत्र और तकनीकी सबूतों के आधार पर थाना छुरा पुलिस ने दोनों महिला आरोपियों को धरदबोचा. पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया. आरोपियों के कब्जे से लाल रंग की क्रिस्टल मोती माला में लगी तीन नग सोने की पत्ती बरामद कर जप्तकिया गया. पुख्ता सबूत पाए जाने पर दोनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मधु बाई के खिलाफ जीआरपी थाना बिलासपुर में भी चैन स्नेचिंग का मामला दर्ज है.
इस पूरे मामले के खुलासे में थाना छुरा पुलिस टीम की अहम भूमिका रही. गरियाबंद पुलिस ने आमजन से अपील किया कि धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की खबर फ़ौरन पुलिस को दें.
आरोपी
मधु बाई पति मुकेश कुमार उम्र 35 साल निवासी डेरागढ़ डुमरपारा, थाना बाराद्वार, जिला जांजगीर-चांपा
कामेश्वरी देढ़े पति सुरेन्द्र कुमार देढ़े उम्र 30 साल निवासी पीपरसत्ती, थाना अकलतरा, जिला गरियाबंद
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



