महानदी तटबंध निर्माण में बड़ा खेल!, बिना सुरक्षा काम कर रहे बाल मजदूर की मौत, ठेकेदार और एजेंसी पर गंभीर आरोप, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

A major scandal erupts in the construction of the Mahanadi embankment! A child laborer dies while working without safety protection. Serious allegations are leveled against the contractor and agency. Safety arrangements are questioned.

महानदी तटबंध निर्माण में बड़ा खेल!, बिना सुरक्षा काम कर रहे बाल मजदूर की मौत, ठेकेदार और एजेंसी पर गंभीर आरोप, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

अभनपुर : गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम कोलियारी और पारागांव के बीच महानदी किनारे चल रहे तटबंध निर्माण काम में एक 16 साल के नाबालिग मजदूर की मौत हो गई. घटना के बाद निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार और एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. मृतक की पहचान हर्ष साहू के रूप में हुई है. जो धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खुरसेंगा का निवासी था.
पुलिस मर्ग डायरी के मुताबिक सुबह निर्माण कार्य के दौरान हर्ष साहू की अचानक तबीयत बिगड़ गई. काम करते समय उसे चक्कर आया और वह मौके पर ही गिर पड़ा. साथी मजदूर फौरन उसे इलाज के लिए कुरूद अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हलत को देखते हुए गोबरा नवापारा रेफर किया गया. लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि करोड़ों रुपये की लागत से चल रहे निर्माण कार्य में आखिर एक नाबालिग मजदूर कैसे काम कर रहा था. भीषण गर्मी के बीच मजदूरों के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम भी नहीं किए गए थे. निर्माण स्थल पर न तो प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था थी और न ही स्वास्थ्य जांच, सुरक्षा किट या अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध थीं.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा काम को जल्द पूरा करने के दबाव में मजदूरों की सुरक्षा को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा था. मजदूरों को कठिन परिस्थितियों में लगातार काम कराया जा रहा था. मौके पर हेलमेट, पीने के पानी और अन्य जरुरी सुविधाओं का भी अभाव बताया जा रहा है.
 घटना ने निर्माण एजेंसी, ठेकेदार और प्रशासनिक निगरानी पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. क्षेत्र में भारी आक्रोश का माहौल है और लोगों में निर्माण कार्य कर रही फर्म नवभारत इन्फ्राटेक के खिलाफ नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है. ठेकेदार और निर्माण एजेंसी नवभारत इन्फ्राटेक केवल काम जल्दी पूरा करने के दबाव में मजदूरों की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे थे.
ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी व्यवस्था होती तो संभवतः नाबालिग मजदूर की जान बचाई जा सकती थी. घटना के बाद क्षेत्र में ठेकेदार और निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है. फिलहाल गोबरा नवापारा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
इधर मामले में विभागीय एसडीएम अग्रवाल का बयान भी विवादों में आ गया है. एसडीएम ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है और वे जानकारी जुटा रहे हैं. उन्होंने कहा, “मैं कल भी निर्माण स्थल गया था, वहां कोई बच्चा काम करता नहीं दिखा. सभी मजदूर 21 वर्ष से ऊपर के थे. घटना दुखद है.”
एसडीएम के इस बयान के बाद लोगों में और नाराजगी बढ़ गई है. ग्रामीणों का कहना है कि जब मृतक 10वीं कक्षा का छात्र था तो उसे 21 साल का मजदूर कैसे बताया जा सकता है. लोगों ने प्रशासन पर ठेकेदार और निर्माण एजेंसी को बचाने का आरोप लगाया है.
बता दें कि मृतक हर्ष साहू ग्राम खुरसेंगा थाना कुरूद जिला धमतरी का निवासी था. वह अपने नानी के घर में रहकर ग्राम हसदा नंबर-2 में पढ़ाई करता था और 10वीं कक्षा का छात्र था.
मामले में जनपद सदस्य मेनका संजय पटेल ने थाना गोबरा नवापारा में लिखित शिकायत सौंपते हुए ठेकेदार, निर्माण एजेंसी नवभारत इन्फ्राटेक एवं संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. शिकायत में निर्माण कार्य में घोर लापरवाही और मजदूरों की जान से खिलवाड़ का आरोप लगाया गया है. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर दो दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो ग्राम पारागांव स्थित अटल चौक के पास चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा. फिलहाल इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था, श्रम कानूनों के पालन और निर्माण कार्यों में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t