टूटते रिश्तों की दर्दनाक कहानी, पहली पत्नी प्रेमी संग फरार, दूसरी ने दी जान, गरियाबंद के युवक की जंगल में पेड़ से लटकी मिली लाश, फैली सनसनी

A painful story of broken relationships: the first wife absconded with her lover, the second committed suicide; the body of a young man from Gariaband was found hanging from a tree in the forest, causing a sensation.

टूटते रिश्तों की दर्दनाक कहानी, पहली पत्नी प्रेमी संग फरार, दूसरी ने दी जान, गरियाबंद के युवक की जंगल में पेड़ से लटकी मिली लाश, फैली सनसनी

गरियाबंद/छुरा/टोनहीडबरी : गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड से एक बेहद सनसनीखेज और रहस्यमयी मामला सामने आया है. ग्राम टोनहीडबरी के जंगल में एक युवक की पेड़ से फंदे पर लटकती लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. गुरुवार सुबह जब ग्रामीण जंगल की तरफ गए तो उन्होंने एक युवक का शव पेड़ पर लटका देखा. यह दृश्य देखते ही ग्रामीणों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत इसकी खबर छुरा पुलिस को दी.
खबर मिलते ही छुरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को पेड़ से नीचे उतारा और आसपास के क्षेत्र की जांच की. प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक की पहचान फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम बेलर निवासी 30 वर्षीय रोहित ध्रुव के रूप में हुई.
बताया जा रहा है कि रोहित ध्रुव की जिंदगी पिछले कुछ समय से लगातार दुखद घटनाओं से गुजर रही थी. जानकारी के अनुसार उसकी पहली पत्नी उसे छोड़कर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी. इस घटना से वह मानसिक रूप से काफी टूट गया था. परिवार और रिश्तेदारों के समझाने के बाद उसने कुछ समय बाद दोबारा शादी की थी और नई जिंदगी शुरू करने की कोशिश की.
लेकिन किस्मत ने यहां भी उसका साथ नहीं दिया. बताया जाता है कि करीब एक महिना पहले ही उसकी दूसरी पत्नी ने अपने मायके ग्राम बेलर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी. दूसरी पत्नी की अचानक मौत के बाद रोहित गहरे सदमे में चला गया था. परिजनों के मुताबिक वह पहले की तरह सामान्य नहीं रहा और अक्सर चुपचाप रहने लगा था.
इसी बीच वह कुछ दिनों से अपने रिश्तेदारों के यहां ग्राम टोनहीडबरी में रह रहा था. परिजनों ने बताया कि बुधवार रात वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया था. परिवार वालों को लगा कि वह आसपास ही कहीं गया होगा और थोड़ी देर में वापस आ जाएगा. लेकिन रात भर उसका कोई पता नहीं चला.
गुरुवार सुबह जब गांव के कुछ लोग जंगल की ओर गए तो उन्होंने पेड़ पर एक युवक को फंदे से लटका हुआ देखा. पास जाकर देखने पर मामला गंभीर लगा और फौरन गांव में इसकी खबर दी गई. इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी.
घटना की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी तादाद में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों के बयान भी दर्ज कर रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके. हालांकि इस मामले में अभी तक पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
लगातार हुई पारिवारिक त्रासदियों और अब युवक की संदिग्ध हालत में हुई मौत ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है. गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. लोग इसे एक बेहद दुखद और रहस्यमयी घटनाक्रम के रूप में देख रहे हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि रोहित स्वभाव से शांत था. लेकिन पिछले कुछ समय से वह मानसिक तनाव में दिखाई देता था. अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह खुदकुशी है या इसके पीछे कोई और वजह है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB