तीन महिला पुलिस कर्मियों के खिलाफ जुर्म दर्ज, कोर्ट के आदेश पर लिखी गई रिपोर्ट, थाने में पीड़िता की पिटाई का आरोप

Crime registered against three female police personnel, report written on court's order, allegation of beating the victim in the police station

तीन महिला पुलिस कर्मियों के खिलाफ जुर्म दर्ज, कोर्ट के आदेश पर लिखी गई रिपोर्ट, थाने में पीड़िता की पिटाई का आरोप

रायपुर : रायपुर महिला थाने में न्याय की आस में पहुंची एक महिला के साथ मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. राजधानी के कोतवाली थाने में थाना प्रभारी समेत तीन महिला पुलिस कर्मियों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया गया है. तीनों पर महिला थाने में काउंसलिंग के दौरान पीड़िता के साथ मारपीट करने का आरोप लगा था.
मिली जानकारी के मुताबिक यास्मीन बानो और उनके पति सैयद आसिफ अली के बीच विवाद चल रहा था. इसकी शिकायत यास्मीन ने महिला थाने में की थी. उस समय वेदवति दरियो थाना प्रभारी थीं. शिकायत के आधार पर यास्मीन और उनके पति आसिफ की काउंसलिंग चल रही थी. तीसरी काउंसलिंग के बाद भी यास्मीन अपनी शिकायत पर कायम रही. उसने समझौता नहीं किया. इसके बाद भी तत्कालीन टीआई वेदमति दरियो ने यास्मीन के पति के खिलाफ FIR दर्ज नहीं की. इसकी शिकायत यास्मीन ने एसपी से कर दी. इसके बाद टीआई ने एफआईआर दर्ज करने के लिए यास्मीन को थाने बुलाया था.
17 मार्च 2024 को यास्मीन अपनी मां के साथ महिला थाना पहुंची. तो वहां पहले से आसिफ अपने दोस्त देवेंद्र सोनकर और भरत ठाकुर के साथ बैठा था. आरोप है कि चर्चा के दौरान वेदमति आवेदिका की बात नहीं सुन रही थी. इस बीच आसिफ अली ने यास्मीन को गाली देना शुरु कर दिया. यह सुनकर यास्मीन की मां भी आसिफ अली को बुरा भला कहने लगी.
इसके बाद टीआई वेदवति ने अपने स्टॉफ एसआई शारदा वर्मा, महिला सिपाही फगेश्वरी कंवर और चार-पांच अन्य महिला स्टॉफ आसिफ के साथ मिलकर यास्मीन और उसके परिवार वालों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी. इससे आवेदिका की गर्दन और पीठ में डंडे और बेल्ट के निशान बन गए थे. इसकी शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की.
इसके बाद पीड़िता ने अपने वकील के जरिए कोर्ट में केस लगा दिया. सभी पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने तीन महिला पुलिसकर्मियों के खिलाफ जुर्म दर्ज करने के आदेश दिए. कोर्ट के आदेश पर शनिवार को कोतवाली पुलिस ने महिला थाने की तत्कालीन टीआई वेदवति दरियो, एसआई शारदा वर्मा, सिपाही फगेश्वरी कंवर, सैय्यद आसिफ अली के खिलाफ धारा 294, 323, 506 भाग 02/34 के तहत जुर्म दर्ज कर मामला जांच में लिया है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामला संवेदनशील है और कोर्ट के आदेश पर निष्पक्ष जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे. उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB