मिड डे मील के चावल का सरेआम खेला, कार की डिक्की में ले जाते पकड़े गए प्रधानपाठक, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग

Mid-day meal rice was openly misused, with the headmaster caught transporting it in the trunk of his car. Strict action was demanded against the culprits.

मिड डे मील के चावल का सरेआम खेला, कार की डिक्की में ले जाते पकड़े गए प्रधानपाठक, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग

सूरजपुर : सूरजपुर जिले के विकासखंड ओड़गी के ग्राम रामपुर स्थित माध्यमिक शाला में मध्याह्न भोजन के चावल को लेकर विवाद सामने आया है. ग्रामीणों ने स्कूल के प्रधानपाठक पर मध्याह्न भोजन का चावल वाहन में भरकर ले जाने का आरोप लगाया है. इस मामले की शिकायत विकासखंड शिक्षा अधिकारी और पुलिस से की गई है.
मिली जानकारी के अनुसार तीन मार्च की शाम करीब 6:15 बजे स्कूल परिसर से मध्याह्न भोजन का करीब दो बोरी चावल कार में लोड कर ले जाया जा रहा था. ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिलने पर सरपंच प्रतिनिधि सहित कुछ लोगों ने वाहन को रोकने की कोशिश की. वाहन नहीं रुकने पर ग्रामीणों ने पीछा कर उसे गांव में ही रोक लिया.
ग्रामीणों का आरोप है कि वाहन की डिक्की खुलवाकर देखने पर उसमें दो बोरी चावल पाया गया. मौके पर मौजूद लोगों ने इस बारे में पूछताछ की. लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मामले की खबर ओड़गी थाना पुलिस और विकासखंड शिक्षा अधिकारी को दी गई.
ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि उचित मूल्य दुकान के विक्रेता से पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि उसी दिन स्कूल के लिए चार बोरी चावल उठाया गया था. मामले में ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ओड़गी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि घटना की लिखित शिकायत मिली है. प्रथम दृष्टया यह चोरी का मामला मालूम हो रहा है. पुलिस द्वारा जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB