बलौदाबाजार अग्निकांड मामले में आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, अब तक 191 आरोपियों की हो चुकी गिरफ्तारी

Three accused including Aam Aadmi Party district president arrested in Balodabazar fire incident case, 191 accused have been arrested so far

बलौदाबाजार अग्निकांड मामले में आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, अब तक 191 आरोपियों की हो चुकी गिरफ्तारी

बलौदाबाजार : 10 जून 2024 को बलौदाबाजार कलेक्टर कार्यालय में हुए तोड़फोड़ और अग्निकांड मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों में आम आदमी पार्टी का जिलाध्यक्ष भुनेश्वर डहरिया भी शामिल है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड मांगी है.
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने अब तक इस मामले में 191 आरोपियों की गिरफ्तारी कर चुकी है. आरोपियों में बहुतों को अदालत से जमानत भी मिल चुकी है. बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस अभी भी अग्निकांड में शामिल आरोपियों की तलाश कर रही है.
ये आरोपी पकड़े गए
दीपक धृतलहरे पिता विजय धृतलहरे उम्र 32 साल सकिन दशरमा
सुशील बंजारे पिता शत्रुघ्न बंजारे उम्र 32 साल साकिन भाटागांव
भुवनेश्वर सिंह डहरिया पिता भुवन सिंह डहरिया उम्र 27 साल गार्डन चौक बलौदाबाजार
जानिए क्या है पूरा मामला
बता दें कि 15 और 16 मई 2024 की दरमियानी रात कुछ असामाजिक तत्वों ने गिरौधपुरी धाम में सतनामी समाज के धार्मिक स्थल के पूज्य जैतखाम में तोड़फोड़ की थी. इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था. पुलिस की इस कार्रवाई से समाज के लोग असंतुष्ट थे और न्यायिक जांच की मांग कर रहे थे. जिसके बाद गृहमंत्री विजय शर्मा ने न्यायिक जांच की घोषणा की. वहीं 10 जून को जैतखाम में तोड़फोड़ के विरोध में हजारों लोग कलेक्ट्रेट के पास इकठ्ठा हुए और जमकर हंगामा किया. जहां प्रदर्शन हिंसक हो गया. जिसके बाद उपद्रवियों ने तांडव मचाते हुए कलेक्टर और एसपी कार्यालय को आग के हवाले कर दिया. इस हिंसक घटना में सरकारी संपत्तियों को 12.53 करोड़ रुपये का भारी नुकसान पहुंचा था. मामले में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 43 मामलों में 187 लोगों को गिरफ्तार किया था.
बलौदाबाजार के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की धरपकड़ अभी खत्म नहीं हुई है. पुलिस के पास हिंसा में संलिप्त अन्य लोगों की सूची तैयार हो चुकी है, और जल्द ही और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं. हमने सबूतों के आधार पर इन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अभी भी कई संदिग्धों की पहचान की जा रही है, और जल्दी ही उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होगी.
आम आदमी पार्टी (AAP) के जिला अध्यक्ष रहे भुवनेश्वर सिंह डहरिया की गिरफ्तारी के बाद अब राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. पार्टी ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है. विपक्ष ने भी इस मामले में सरकार पर सवाल उठाए हैं.
इन सभी सवालों के जवाब आने वाले दिनों में सामने आएंगे. बलौदाबाजार में हुए इस हिंसक आंदोलन का सच धीरे-धीरे बाहर आ रहा है. और पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. अब देखना होगा कि इस मामले में और कौन-कौन कानूनी शिकंजे में फंसता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI