मामा ने टांगी के हत्थे से किया जानलेवा वार, तीन महीने के मासूम भांजे को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने आरोपी रतन को गिरफ्तार कर भेजा जेल
Uncle fatally stabbed his three-month-old nephew with the handle of a sickle; police arrested the accused, Ratan, and sent him to jail.
जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर में तीन महीने के मासूम की उसी के मामा ने हत्या कर दी. दरअसल पत्नी से विवाद को लेकर उसने अपनी चचेरी बहन पर टांगी से वार किया. चचेरी बहन बचाव के लिए झुकी तो उसका हत्था नन्हें भांजे को लगा. इससे लगी चोट के कारण बच्चे की मौत हो गई. इस मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी मामा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. यह मामला थाना सन्ना क्षेत्र के ग्राम पिपरापाठ नन्हे सर का है.
मिली जानकारी के मुताबिक संगीता पति बासु राम निवासी ग्राम पिपरापाठ जोकरी नन्हेसर ने थाना सन्ना में शिकायत दर्ज कराई कि 17 दिसंबर की शाम करीब 5 बजे अपने चचेरे भाई रतन राम की पत्नी से कुआं के पास पानी भरते वक्त वाद विवाद हो गया. इसके बाद वह अपने घर आ गई थी और चचेरे भाई की पत्नी भी अपने घर चली गई थी. संगीता अपने घर सामने अपने तीन माह के बच्चे को पीठ में कपड़े से बांधकर खड़ी थी.
इस दौरान उसका चचेरा भाई रतन राम आया और पत्नी से विवाद को लेकर बहस करने लगा. इस दौरान अपनी चचेरी बहन को जान से मार दूंगा कहते हुए अपने हाथ में रखे टांगी की हत्थे से वार कर दिया. वार से बचने के लिए प्रार्थिया नीचे झुक गई. जिससे टांगी का हत्था, प्रार्थिया के पीठ में बंधे, उसके बच्चे को लग गया. चोट इतनी जोरदार थी कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई.
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना सन्ना में आरोपी रतन उर्फ रतनू राम उम्र 21 साल के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत जुर्म दर्ज कर मामला जांच में लिया. जाँच के दौरान पुलिस के द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा करते हुए शव का डॉक्टर से पोस्टमार्टम कराया गया. शॉर्ट पी एम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा मौत की वजह टांगी के हत्थे से चोट के कारण होना बताया गया. पुलिस ने आरोपी रतन राम उर्फ रतनू उम्र 21 साल को हिरासत में ले लिया.
पुलिस की पूछताछ पर आरोपी रतन राम उर्फ रतनू के द्वारा जुर्म कबूल करने और जुर्म का पुख्ता सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया. और उसके कब्जे से कत्ल में इस्तेमाल टांगी को भी जप्त कर लिया गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



