बच्ची की नाली में गिरकर बाढ़ में बहने से जिंदगी खत्म, आक्रोशित जीवन ने मातारानी पेट्रोल पंप में आग लगाने का किया प्रयास, जल गई दो बाइक, आरोपी गिरफ्तार
A young girl lost her life after falling into a drain and being swept away by floodwaters; an enraged mob attempted to set fire to the Mata Rani petrol pump, resulting in two motorcycles burning down; the accused has been arrested.
धमतरी : धमतरी जिला में ग्राम मेघा स्थित मातारानी पेट्रोल पंप परिसर में आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को मगरलोड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान जीवन निषाद उम्र 47 साल निवासी वार्ड नम्बर 1, ग्राम मेघा के रूप में हुई है. आरोपी ने पेट्रोल नोजल में आग लगाने का प्रयास किया था. इसमें नाकाम होने पर उसने परिसर में खड़ी दो मोटरसाइकिलों में माचिस से आग लगा दी और मौके से फरार हो गया.
मिली जानकारी के मुताबिक 1 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे आरोपी पेट्रोल पंप परिसर में पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए पेट्रोल नोजल में आग लगाने का प्रयास किया. नोजल में आग नहीं लगने पर उसने वहां खड़ी दो मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया. घटना की रिपोर्ट पर थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 194/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई.
बच्ची की मौत की घटना से था आक्रोश
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 26 सितंबर को ग्राम मेघा में पेट्रोल पंप के सामने खुले नाले में एक छोटी बच्ची गिर गई थी. बाढ़ के पानी के तेज बहाव में बहने से बच्ची की मौत हो गई थी. आरोपी इस घटना के लिए पेट्रोल पंप प्रबंधन को जिम्मेदार मानता था और इसी बात को लेकर उसके मन में आक्रोश था. इसी गुस्से में उसने पेट्रोल पंप परिसर में आगजनी की.
मगरलोड पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल माचिस और वारदात के समय उसके द्वारा पहने गए कपड़े जब्त किए हैं. आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है.
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में कार्रवाई की गई. धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील किया कि किसी घटना या दुर्घटना से आक्रोशित होकर कानून अपने हाथ में न लें. किसी के खिलाफ शिकायत होने पर पुलिस या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को फौरन खबर दें.
आरोपी
जीवन निषाद पिता धुरुऊ निषाद उम्र 47 साल निवासी: वार्ड नम्बर 1, ग्राम मेघा, थाना मगरलोड, जिला धमतरी (छत्तीसगढ़)
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



