आयुष्मान से इलाज की लिमिट होगी दोगुनी, नक्सल क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए मिलेगा बिना ब्याज का लोन, देवभोग को नगर पंचायत का दर्जा हासिल
The limit of treatment with Ayushman will be doubled students of Naxal area will get interest free loan for education Devbhog gets the status of Nagar Panchayat
1360 करोड़ रुपए की लागत की भालुमुड़ा-सारडेगा रेल परियोजना को हरी झंडी
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केन्द्रीय कैबिनेट की बैठक में 1360 करोड़ रुपए लागत की भालुमुड़ा-सारडेगा रेल परियोजना की मंजूरी मिलने पर छत्तीसगढ़वासियों को बधाई दी.
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्थित भालुमुड़ा से ओड़िसा के सारडेगा तक 37 किलोमीटर नई दोहरी रेल लाइन की मंजूरी दिए जाने से छत्तीसगढ़ में मौजूदा रेल नेटवर्क का विस्तार होने के साथ ही बड़ी तादाद में प्रदेशवासियों की देश के अन्य क्षेत्रों से कनेक्टिविटी बढ़ेगी और आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र का विकास होगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb
आयुष्मान से इलाज की लिमिट होगी दोगुनी
छत्तीसगढ़ में शहीद वीरनारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना में जल्द ही इलाज की लिमिट दोगुनी हो सकती है. इसके लिए स्वास्थ्य विभाग तैयारी में जुट गया है. इस स्कीम में फिलहाल गरीब परिवारों को 5 लाख रुपए तक सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज की सुविधा मिल रही है. जिसे बढ़ाकर 10 लाख रुपए किया जाएगा. वहीं, मिडिल क्लास के प्रति परिवारों को 50 हजार रुपए इलाज कराने की सुविधा है. जिसे बढ़ाकर 1 लाख रुपए किया जा सकता है. स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के मुताबिक स्वास्थ्य मंत्री की तरफ से आयुष्मान नोडल एजेंसी को प्रस्ताव बनाने के लिए कहा गया है. इसमें परिवारों का आंकलन करना है.
प्रदेश में ऐसी जटिल बीमारियां, जिनके इलाज का खर्च फिलहाल 5 लाख रुपए से ज्यादा होता है. उन बीमारियों के मरीजों को मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता स्कीम में भी राहत दी जाती है. इसमें फिलहाल 25 लाख रुपए तक की सहायता दी जा रही है. जानकारों के मुताबिक जरुरत पड़ने पर इसकी लिमिट भी बढ़ाई जा सकती है. आयुष्मान योजना में इलाज के लिए 1211 से ज्यादा अस्पताल रजिस्टर्ड हैं, जिनमें 835 सरकारी व 376 से ज्यादा निजी अस्पताल हैं. इनमें फ्री इलाज की सुविधा है.
दूसरे राज्यों का हाल
मध्यप्रदेश: 5 लाख तक की लिमिट पात्रता के आधार ही, अत्यंत गरीब परिवारों को फायदा
राजस्थान: 5 लाख तक की लिमिट (सभी तरह के परिवारों के लिए)
ओडिशा: 5 लाख लिमिट, लेकिन महिला सदस्य के बीमार होने पर 5 लाख अतिरिक्त
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का हर सप्ताह गुरुवार को होने वाला जनदर्शन इस गुरूवार 29 अगस्त को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है.
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज गुरुवार 29 अगस्त 2024 को राज्य खेल अलंकरण समारोह में राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे. कार्यक्रम के अतिविशिष्ट अतिथि केन्द्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री द्वय अरुण साव और विजय शर्मा तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा होंगे. खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य खेल अलंकरण समारोह का आयोजन राजधानी रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में दोपहर 12 बजे से किया जाएगा.
कार्यक्रम में राज्य शासन द्वारा वर्ष 2021-22 के लिए शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार के लिए 06, शहीद कौशल यादव पुरस्कार के लिए 06, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार के लिए 02, शहीद पंकज विक्रम सम्मान 11, शहीद विनोद चौबे सम्मान के लिए 05 एवं मुख्यमंत्री ट्राफी वर्ष 2021-22 के लिए 11 खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा.
इसी प्रकार वर्ष 2022-23 हेतु शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार के लिए 04, शहीद कौशल यादव पुरस्कार के लिए 07, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार के लिए 01, शहीद पंकज विक्रम सम्मान 15, शहीद विनोद चौबे सम्मान के लिए 05 एवं मुख्यमंत्री ट्राफी वर्ष 2022-23 के लिए 24 चयनित खिलाड़ियों को ट्राफी देकर सम्मानित किया जाएगा.
खेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पुरस्कार वर्ष 2021-22 एवं 2022-23 के लिए 97 पुरस्कारग्राही खिलाड़ियों को दी जाएगी 76 लाख रुपए की पुरस्कार राशि, पदक विजेता 502 खिलाड़ियों के बैंक खाते में जाएंगे 60.33 लाख रुपए की राशि इस तरह खिलाड़ियों को मिलेंगे 01 करोड़ 36 लाख 33 हजार रुपए शामिल हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb
नक्सल क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए मिलेगा बिना ब्याज का ऋण
रायपुर : मुख्यमंत्री साय ने राज्य के अन्य जिलों के कलेक्टरों को भी कमजोर आर्थिक स्थिति वाले परिवारों के बच्चों को भी तकनीकी एवं व्यावसायिक उच्च शिक्षा के लिए एक प्रतिशत के ब्याज दर पर दी जा रही ऋण सुविधा का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए हैं.
मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा ऋण ब्याज अनुदान योजना के संचालन के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है. इस योजना के अंतर्गत डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के 35 तकनीकी एवं अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को शामिल किया गया है. योजना में ब्याज अनुदान के लिए शिक्षा ऋण की अधिकतम सीमा रूपये 4 लाख निर्धारित है.
मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा ऋण ब्याज अनुदान योजना के तहत तकनीकी शिक्षा एवं अन्य व्यावसायिक शिक्षा पाठ्यक्रमों में प्रवेशित ऐसे छात्रों को, जिनके परिवारों की वार्षिक आय 2 लाख से कम है. उनको मोेरेटोरियम अवधि के बाद ऋण किश्तों के नियमित भुगतान की स्थिति में सिर्फ एक प्रतिशत की दर से ब्याज देन होगा. बाकी ब्याज की राशि का भुगतान राज्य शासन द्वारा सीधे संबंधित बैंक को किया जायेगा.
राज्य के माओवादी आतंक प्रभावित जिले बस्तर, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, जशपुर, उत्तर बस्तर कांकेर, कोरिया, नारायणपुर, राजनांदगांव, सरगुजा, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, बालोद, सुकमा, कोण्डागांव एवं बलरामपुर जिले के छात्रों को ब्याज मुक्त ऋण मिलेगा.
इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए निर्धारित शर्ताें में छात्र को छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना चाहिए. छत्तीसगढ़ राज्य में स्थापित तथा सक्षम प्राधिकारी (यथा एआईसीटीई, यूजीसी) मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम प्रवेशित हो। अधिकतम पारिवारिक आय रूपये 2 लाख होनी चाहिए. जो कि सक्षम अधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र द्वारा प्रमाणित होनी चाहिए.
योजना के अंतर्गत ब्याज अनुदान के लिए शिक्षा ऋण की अधिकतम सीमा रूपये 4 लाख है. ब्याज अनुदान का लाभ लेने के लिए नियमित रूप से ऋण किश्तों का भुगतान जरुरी है. ड्राप ऑउट एवं निष्कासित छात्र इस योजना के लाभार्थी नहीं बने रहेंगे किन्तु चिकित्सीय कारणों से एक वर्ष की अधिकतम सीमा तक अध्ययन में रूकावट होने की दशा में पात्रता बनी रहेगी.
योजना के अंतर्गत बीई/बीटेक, एमई, एम टेक, डी आर्क, एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग, एमसीए, एम.बी.ए, डीई, बी.पी.एड, एमपीएड, पी.जी.डी.सी.ए., बी.एच.एम.एस., बी.ए.एम.एस, बी.एन.वाई.एस, बी.एन.एस., बी.यू.एम.एस, वी.एफ.एस.सी., बी.टेक डेयरी, बी.एग्री, बी.डी.एस, एमडीएस, एमबीबीएस, बीव्हीएससी, बीएससी नर्सिंग बेसिक तथा पोस्ट बेसिक, बी. फार्मा, एम फार्मा, डी फार्मा, डिप्लोमा इन मॉर्डन आफिस मेनेजमेंट, डिप्लोमा इन इंटीरियर डेकोरेशन एण्ड डिजाइन, डिप्लोमा इस कास्टयूम डिजाईन एण्ड ड्रेस मेकिंग, बीएड, डीएड, एमएड, के पाठ्यक्रमों में अध्ययन के लिए योजना का लाभ लिया जा सकता है.
अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 0771-2331231 सम्पर्क और वेबसाइट http://www.cgdteraipur.cgstate.gov.in पर अवलोकन किया जा सकता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb
नगर पंचायत देवभोग के लिए अधिसूचना जारी
गरियाबंद : छत्तीसगढ़ के विष्णु देव भाजपा सरकार ने बड़ी सौगात देते हुए देवभोग को नगर पंचायत बनाने अधिसूचना जारी कर दिया है. जिससे क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और प्रदेश के विष्णु देव सरकार के प्रति लोगों ने आभार व्यक्त किया है. राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा ग्राम पंचायत देवभोग को नगर पंचायत के रूप में दर्जा प्रदान कर दिया गया है. इस बारे में जरुरी अधिसूचना छत्तीसगढ़ राजपत्र में प्रकाशित हो गई है. देवभोग के नगर पंचायत बन जाने से जिले में अब 5 नगर पंचायत हो जायेंगे.
देवभोग नगर पंचायत में ग्राम पंचायत देवभोग सहित ग्राम पंचायत डोहेल के आश्रित ग्राम झाराबहाल एवं ग्राम पंचायत मुंगझर के आश्रित ग्राम सोनामुंदी भी शामिल होंगे। इससे देवभोग के 4157, झाराबहाल के 765 एवं सोनामुंदी के 365 इस प्रकार कुल 5287 जनसंख्या नगरीय सुविधाओं से लाभान्वित होंगे.
नगर पंचायत क्षेत्र में लोगों को नगरीय निकायों की विशेष सुविधाओं से लाभान्वित किया जायेगा. साथ ही कई शासकीय योजनाओं का सरलतम एवं आसान तरीकों से लोगों को लाभ मिल पाएगा. लोगों को नगर पंचायत क्षेत्र में आवास, बिजली, पानी, सड़क एवं स्ट्रीट लाईट आदि सुविधाओं का भी लाभ मिलेगा. साथ ही बेहतर साफ-सफाई एवं स्वच्छ वातावरण के तहत डोर टू डोर कचरा कलेक्शन का कार्य भी नगरीय निकाय के अनुरुप किया जाएगा. नगर पंचायत की सीमा में डोहल पंचायत के झारबहाल और मूंगझर पंचायत के सोनामुंदी ग्राम को भी शामिल कर लिया गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



