झाड़-फूंक के चक्कर में युवक की मौत, सोते समय करैत सांप के काटने के बाद अस्पताल ले जाने के बजाय बैगा के पास गए परिजन
A young man died due to black magic, after being bitten by a krait snake while sleeping, the family went to Baiga instead of taking him to the hospital
कोरबा : कोरबा जिले में एक युवक को सांप ने काट लिया. परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय गितारी गांव में बैगा के पास झाड़-फूंक के लिए ले गए. इसके बाद परिजन सोहन को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए. लेकिन वहां पहुंचते ही उसकी मौत हो गई.
मिली जानकारी के मुताबिक उरगा थाना क्षेत्र के गितारी गांव निवासी बिहारी लाल का परिवार पास के महौरभांठा गांव में ईंट बनाने का काम करने गया था. सोमवार सुबह बिहारी लाल का 19 साल का बेटा सोहन बिंझवार जमीन पर सो रहा था. इस दौरान करैत सांप ने उसे काट लिया. सोहन ने इसकी खबर अपने पिता और अन्य लोगों को दी. परिजन उसे फौरन अस्पताल ले जाने के बजाय गितारी गांव में बैगा के पास झाड़-फूंक के लिए ले गए. बैगा के घर पर न मिलने की वजह से काफी समय बर्बाद हुआ. इसके बाद परिजन सोहन को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए. लेकिन वहां पहुंचते ही उसकी मौत हो गई.
मृतक के पिता बिहारी लाल ने बताया कि सांप के काटने के बाद उन्होंने सांप को जाते हुए देखा. लेकिन मान्यता के मुताबिक सांप को नहीं मारा और उसे छोड़ दिया. बिहारी लाल ने कहा कि उनका परिवार आर्थिक रुप से कमजोर है और वे पत्नी और बेटे के साथ मिलकर ईंट बनाने का काम करते हैं. जिला अस्पताल चौकी प्रभारी दाऊद कुजुर ने बताया कि अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं और मामले की जांच जारी है.
स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी ने बताया कि मौसम में बदलाव की वजह से सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ रही हैं. बारिश की वजह से जमीन का तापमान बदलने से सांप अपने बिलों से बाहर आ रहे हैं. उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे जमीन पर न सोएं और सांप के काटने पर झाड़फूंक के लिए बैगा के पास जाने के बजाय फौरन नजदीकी अस्पताल जाएं. ताकि समय रहते जान बचाई जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



